रोकने की कोशिश की तो अपने मकान मालिक से की हाथापाई
विज्ञापन
पहली पत्नी को छोड़ने के बाद उसकी बहन से ही की थी दूसरी शादी
बरेली। परवाना नगर में तीन दिन तक लगातार घर में कलह के बाद एक चौकीदार ने गुरुवार को अपनी पत्नी की हत्या कर दी। मकान मालिक ने उसे भागने से रोकने की कोशिश की तो उसने उन्हें भी पीट दिया और छत से कूदकर भाग निकला। देर रात आरोपी को हिरासत में ले लिया गया।
पीलीभीत बाईपास पर परवाना नगर में कन्हई लाल के घर में ऊपरी मंजिल पर एक स्कूल का चौकीदार अपनी दूसरी पत्नी के साथ किराये पर रह रहा था। बताया जाता है कि उसने अपनी पहली पत्नी को छोड़ने के बाद उसी की बहन से दूसरी शादी की थी। बृहस्पतिवार दोपहर घर में सो रहे कन्हई लाल को ऊपर से सामान गिरने और चीखपुकार की आवाज सुनाई दी तो वह उठे। सीढ़ियों से उतर रहे चौकीदार को रोकने की कोशिश की तो वह उनसे हाथापाई करके धक्का देकर वापस छत पर भाग गया और कूदकर भाग गया। कन्हई के मुताबिक चौकीदार की पत्नी 27 वर्षीय अंशू का शव कमरे के बाहर छज्जे पर पड़ा था। उन्होंने शोर मचाया तो पड़ोसियों ने भी चौकीदार को पकड़ने की कोशिश की लेकिन वह हाथापाई करके भाग गया।
कन्हई लाल ने इज्जतनगर थाने जाकर हत्या की सूचना दी। पुलिस ने देर रात आरोपी को हिरासत में ले लिया। उसने बताया कि झगड़ा होने पर वह अंशु को थप्पड़ मारकर भाग गया था। उसकी मौत कैसे हो गई, इस बारे में उसे कुछ पता नहीं है।