बरेली। उत्तर प्रदेश व उत्तराखंड के अग्निवीर क्लर्क/एसकेटी अभ्यर्थियों के लिए भर्ती रैली का आयोजन भर्ती कार्यालय लैंसडाउन की ओर से बीईजी सेंटर, रुड़की में किया जा रहा है। इसके तहत बरेली भर्ती कार्यालय के तहत आने वाले 12 जिलों के अभ्यर्थियों को पांच अक्तूबर 2026 को शारीरिक दक्षता परीक्षा (दौड़) के लिए बुलाया गया है।
रैली में हरदोई, पीलीभीत, सीतापुर, बरेली, बहराइच, बलरामपुर, बदायूं, फर्रुखाबाद, लखीमपुर खीरी, संभल, शाहजहांपुर और श्रावस्ती के अग्निवीर क्लर्क/एसकेटी अभ्यर्थी शामिल होंगे। अभ्यर्थियों को अपने एडमिट कार्ड पर दर्ज तिथि, समय और रैली स्थल के अनुसार निर्धारित समय पर पहुंचने के निर्देश दिए गए हैं।
सेना की ओर से अभ्यर्थियों को भर्ती अधिसूचना में निर्धारित सभी मूल दस्तावेज अनिवार्य रूप से साथ लाने के निर्देश दिए गए हैं। दस्तावेजों की जांच और भर्ती प्रक्रिया के दौरान निर्धारित नियमों का पालन करना होगा।
सेना ने स्पष्ट किया है कि भर्ती प्रक्रिया निष्पक्ष, पारदर्शी और योग्यता के आधार पर होगी। अभ्यर्थियों को दलालों से सावधान रहने की सलाह दी गई है। भर्ती प्रक्रिया में मदद या चयन कराने का दावा करने वाले किसी व्यक्ति के झांसे में न आने और किसी को भी रुपये न देने की अपील की गई है।