बरेली श्यामगंज पुल के नीचे सीवर लाइन डालने के लिए नगर निगम के जलकल विभाग ने एक माह पहले सड़क खोदकर छोड़ दी। यहां दो स्थानों पर गहरे गड्ढे हो गए हैं। इससे लोगों को आवागमन में काफी दिक्कत हो रही है। बाइक सवारों को सर्वाधिक परेशानी हो रही है। ई-रिक्शा पलटने का खतरा बना हुआ है। इससे 20 मीटर आगे भी यही स्थिति है। श्यामगंज फल मंडी की सड़क भी जर्जर हाल में है। फल विक्रेता कैलाश व राधेश्याम ने बताया कि चार साल से सड़क की मरम्मत नहीं कराई गई है।
अटल सेतु की सर्विस रोड भी काफी समय से टूटी पड़ी है। नकटिया पुल के समीप सड़क टूटी हुई है। इसके आगे नरियावल ठिरिया मार्ग पर कई जगह बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं। बाइक का अगला हिस्सा गड्ढे में गिरने पर जोरदार झटका लगता है। अनियंत्रित होकर सवार गिर जाते हैं। श्यामगंज से पटेल चौक जाने वाली सड़क भी खस्ताहाल है। बारिश और जलभराव के दौरान सड़क के ये गड्ढे और खतरनाक हो जाते हैं। रात में गड्ढे दिखाई नहीं देते, जिससे दोपहिया सवार अक्सर चोटिल हो जाते हैं।
वर्जन
टूटी सड़कों पर पैचिंग कराई जाएगी। जो सड़कें ज्यादा खस्ताहाल हैं, उनकी मम्मरत के लिए शासन को प्रस्ताव भेजा जाएगा। - भगत सिंह, अधिशासी अभियंता, पीडब्ल्यूडी
श्यामगंज पुल के नीचे सड़क तोड़ी गई है तो जलकल से उसकी मरम्मत कराने के लिए कहा जाएगा। - संजीव कुमार मौर्य, नगर आयुक्त