बरेली। शहर में रेलवे की निष्प्रयोज्य जमीन को विकसित करने और शहर की सूरत संवारने का प्रस्ताव बजट के अभाव में फंसा है। यहां जमीन तक कब्जामुक्त नहीं हुई है।
आरएलडी ने श्यामगंज रेलवे स्टेशन से इज्जतननगर तक रेलवे की निष्प्रयोज्य भूमि को विकसित करने के संबंध में बरेली विकास प्राधिकरण (बीडीए) से 2022 में प्रस्ताव मांगा था। बीडीए ने रेलवे की निष्प्रयोज्य भूमि का सर्वे कराया तब पता लगा कि रेल लाइन की चौड़ाई 15 मीटर है। इसके अलावा भी हॉल्ट और रेलवे स्टेशन की काफी भूमि है। इस पर जगह-जगह कब्जा हो चुका है।
बीडीए ने फरवरी 2022 में ईंट पजाया से इज्जतनगर रेलवे क्रॉसिंग तक पुरानी निष्प्रयोज्य रेल लाइन पर सड़क निर्माण समेत अन्य कार्यों का प्रस्ताव आरएलडी को भेज दिया।
परियोजना पर आने वाले खर्च के 22.81 करोड़ रुपये आरएलडी को देने हैं। बीडीए के प्रस्ताव को करीब तीन साल हो चुका है, लेकिन कई बार पत्राचार किए जाने के बाद भी आरएलडी की ओर से इस संबंध में स्थिति स्पष्ट नहीं की गई है। सीनियर डीसीएम संजीव शर्मा ने बताया कि बीडीए के प्रस्ताव के संबंध में आरएलडी की ओर से अभी कोई दिशा निर्देश नहीं मिले हैं। संवाद
-
30 साल पहले बंद हो गई थी रेल लाइन
श्यामगंज-इज्जतननगर रेल लाइन 30 साल पहले बंद हो गई थी। शाहदाना, ईंट पजाया के आसपास रेलवे की जमीन पर कब्जा हो चुका है। यहां कई बहुमंजिला इमारतें बन गई हैं। कई स्थानों पर रेलवे की जमीन पर आवासीय कॉलोनियां तक विकसित हो चुकी हैं। रेलवे भूमि विकास प्राधिकरण ने इस इलाके में काफी जमीन निजी कंपनियों को लीज पर भी दे दी है।
-
मिलेगा नया मार्ग, कम होगा ट्रैफिक का दबाव
रेल लाइन की निष्प्रयोज्य भूमि पर मार्ग बनने से श्यामगंज से इज्जतननगर के लिए एक नया मार्ग मिल जाएगा। अब तक श्यामगंज से इज्जतनगर जाने के लिए डेलापीर चौराहा होकर जाना होता है। इस मार्ग का निर्माण होने से स्टेडियम रोड, डेलापीर से इज्जतनगर मार्ग पर ट्रैफिक का दबाव काफी कम हो जाएगा। श्यामगंज, प्रेमनगर, मॉडल डाउन, राजेंद्र नगर, गांधीनगर, जनकपुरी, इज्जतनगर के लोगों को इस मार्ग के निर्माण से काफी लाभ होगा।
मार्ग- ईंट पजाया चौराहे से इज्जतनगर
अनुमानित लागत- 22.81 करोड़ रुपये
मार्ग की लंबाई- 2,600 मीटर
माार्ग की चौड़ाई- 15 मीटर
लेन- पांच-पांच मीटर की दो लेन
डिवाइडर-70 सेमी सेंट्रल डिवाइडर
कनेक्टविटी-श्यामगंज रोड, मॉडल डाउन, पीलीभीत रोड, राजेंंद्र नगर, नैनीताल रोड