बरेली। मुख्यमंत्री ग्रीन रोड इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट (सीएम ग्रिड) योजना के चौथे चरण में राजेंद्रनगर की सड़कों के कायाकल्प का प्रस्ताव अंतिम स्वीकृति के लिए शासन को भेजा गया है। उम्मीद है कि जल्द ही इसके लिए प्रशासनिक अनुमति मिल जाएगी। इस योजना के अंतर्गत 79.63 करोड़ रुपये से 3.19 किलोमीटर लंबी सड़क के चौड़ीकरण व सुदृढ़ीकरण की तैयारी है। इससे राजेंद्रनगर को विशिष्ट पहचान मिलेगी और यह आधुनिक व्यावसायिक केंद्र के रूप में उभरेगा।
नगर निगम ने इस कार्य को तीन अलग-अलग खंडों में बांटा है। पहले 22.95 करोड़ से सलेक्शन पॉइंट से शिवाजी चौक होते हुए केजीएन फर्नीचर तक 0.75 किमी सड़क को विकसित किया जाएगा। फिर 30.23 करोड़ से स्वयंवर बरातघर से शिवाजी चौक और श्रीराम जानकी मंदिर तक जाने वाले 1.22 किमी मार्ग का कायाकल्प होगा। अंतिम खंड में 26.45 करोड़ से आईवीआरआई रोड से रतन स्वीट्स होते हुए स्वयंवर बरातघर तक 1.22 किमी सड़क का चौड़ीकरण होगा।
पहले चरण का काम समाप्ति की ओर
योजना के पहले चरण के कार्यों को जून के अंत तक पूरा करने की तैयारी है। दूसरे चरण में कोहाड़ापीर व नैनीताल रोड और तीसरे चरण में महर्षि चौक से श्यामगंज पुल तक की सड़क के चौड़ीकरण का काम भी कतार में है।