बरेली। उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल की कोर कमेटी की बैठक मंगलवार को पीलीभीत बाइपास रोड स्थित एक होटल में की गई। बैठक में मुख्य अतिथि कैंट विधायक संजीव अग्रवाल व पंजाब एंड सिंध बैंक के जोनल मैनेजर किरन शंकर रहे।
प्रांतीय महामंत्री राजेंद्र गुप्ता के भारत सरकार के राष्ट्रीय व्यापारी कल्याण बोर्ड में सदस्य नामित होने पर उनका स्वागत किया गया। राजेंद्र ने कहा कि जो जिम्मेदारी सरकार ने उन्हें सौंपी है उसको पूर्ण करना उनका एकमात्र लक्ष्य होगा।
उद्योग और व्यापार के विकास में सरकार किस प्रकार की योजनाएं बनाएं, उनका क्रियान्वयन धरातल तक सुगमता से कैसे हो और व्यापारियों और उद्यमियों को उसका लाभ कैसे मिले इस बात की पूरी रूपरेखा तैयार की जाएगी। कैंट विधायक ने कहा कि राजेंद्र गुप्ता का मनोनयन बरेली के लिए गौरव की बात है।
बैंक के जोनल हेड किरन शंकर ने कहा कि प्रधानमंत्री का लक्ष्य भारत को 2047 तक दुनिया की सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनाने का है। यह भी स्पष्ट है कि दुनिया की सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने में उद्योगों और व्यापार का विकास ही महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। बैठक में महानगर महामंत्री राजेश जसोरिया, संजीव चांदना, दर्शन लाल भाटिया, गुलशन सब्बरवाल, त्रिलोकी नाथ गुप्ता, सचिन खंडेलवाल आदि मौजूद रहे। संवाद