बरेली। राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय (एनएसडी), नई दिल्ली के कलाकारों ने नाटक ‘डू नॉट फियर, भरतमुनि इज हिअर’ तैयार किया है, जिसका मंचन शनिवार से दो दिनों तक विंडरमेयर थियेटर में शाम सात बजे से किया जाएगा। यह बरेली के लिए एक अनूठी प्रस्तुति होगी। इस नाटक के लिए विंडरमेयर हाल में शुक्रवार से ही मंच पर सेट की तैयारियां शुरू हो चुकी हैं।
दया दृष्टि चैरिटेबल ट्रस्ट के अध्यक्ष डॉ. ब्रजेश्वर सिंह ने देशभर के कलाकारों के साथ मिलकर रंगमंच को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ‘विंडरमेयर ग्रांट्स’ शुरू की है। इसके तहत यह नाटक मंचित किया जाएगा। इस संबंध में अपनी टीम के साथ डॉ. ब्रजेश्वर सिंह ने नाटक के संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि नाट्य शास्त्र के लेखक और भारत में रंगमंच के जनक भरतमुनि इतिहास की ओट से निकलकर अचानक इस दौर में एक नौजवान से मिलने पहुंच जाते हैं।
ये कोई हकीकत है या फिर नौजवान सपना देख रहा है। इस सवाल का जवाब तो अपनी जगह, मगर भरतमुनि उस नौजवान की जिंदगी में बिल्कुल नया नजरिया लेकर आए हैं। बेहद क्रिएटिव कहानी, धड़कनें तेज कर देने वाले एरियल स्टंट्स, गजब की कॉमिक टाइमिंग और चुटीले व्यंग्य से सजा यह नाटक थिएटर के विकास पर भी बात करेगा। इस दौरान शायोम सरकार, भास्कर ज्योति कंवर, जीतू राभा, मुशाहिद रफत, दानिश खान भी मौजूद रहे।