मातृ दिवस पर खेल जगत फाउंडेशन और एक प्रयास संस्था के संयुक्त तत्वावधान में रविवार को सेक्रेड हार्ट पब्लिक स्कूल में बैडमिंटन स्पर्धा का आयोजन किया गया। मातृशक्ति को समर्पित इस प्रतियोगिता में महिला खिलाड़ियों ने पूरे उत्साह के साथ अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि जिला सूचना अधिकारी नीतू कनौजिया ने किया। प्रतियोगिता के दौरान मैदान पर रोमांचक मुकाबले देखने को मिले। माताओं और बेटियों की जोड़ियों ने दर्शकों का दिल जीत लिया।
स्मैश सिस्टर्स डबल्स वर्ग में श्वेता सिंह और सरिता वर्मा की जोड़ी ने खिताबी जीत हासिल की। डॉ. रचना सिंह और अर्चना कौशल उपविजेता रहीं। सभी विजेताओं को ट्रॉफी, मेडल और प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया। इसके साथ ही डॉ. अंकिता तरफदार, डॉ. शिखा सक्सेना, डॉ. अनुजा सिंह, डॉ. किरण, सुषमा सावंत और नीलम भंडारी सहित प्रतिभागी सभी माताओं को विशेष रूप से सम्मानित किया गया।
खेल जगत फाउंडेशन की अध्यक्ष प्रीति सिंह ने आयोजन के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए कहा कि संस्था खेलों के माध्यम से समाज में सकारात्मकता फैलाना चाहती है। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित फन सिटी की डायरेक्टर अमिता अग्रवाल और एक प्रयास संस्था की सचिव डॉ. अनुजा सिंह ने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए पौधे और कैरी बैग वितरित किए। इस दौरान स्कूल की डायरेक्टर राधा सिंह, शिवांग श्रीवास्तव, कौशल, रतन कुमार गुप्ता, शम्मी खंडेलवाल, शोभा गंगवार, अंकित अग्रवाल आदि मौजूद रहेे।