बरेली। केबल और ब्राडबैंड सेवा प्रदाता कंपनी डेन फतेह मार्केटिंग प्राइवेट लिमिटेड के मालिक और पदाधिकारियों ने कंपनी के पार्टनर को चूना लगा दिया। पार्टनर ने बारादरी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
मॉडल टाउन निवासी हरजिंदर सिंह उर्फ मामे ने 2008 में समीर मनचंदा और एसएन शर्मा के साथ मिलकर डेन फतेह नाम से केबल और ब्राडबैंड सर्विस की कंपनी खोली थी। 2016 में समीर और एसएन शर्मा ने कंपनी बंद कर हरजिंदर को नेटवर्क का डिस्ट्रीब्यूटर नियुक्त कर दिया था। हरजिंदर ने पार्टनर होने के नाते हिसाब मांगा तो नहीं दिया। कंपनी के मालिक समीर और सीईओ एसएन शर्मा ने बरेली में 23 फर्जी खाते खोलकर कंपनी के 10 करोड़ रुपये उन खातों में डाले और मैनेजर विवेक शर्मा के नाम से बोगस कंपनी खोलकर हरजिंदर के हिस्से का रुपया हड़प लिया।
हरजिंदर ने कंपनी का नेटवर्क चलाने के लिए 25 लाख रुपये का सामान लगाया था। समीर और एसएन शर्मा ने हरजिंदर को बिना बताए कंपनी को 25 सौ करोड़ रुपये में बेच दिया। कंपनी के कर्मचारी संदीप कुमार, प्रदीप कुमार और विवेक शर्मा भी हरजिंदर का सामान भी चोरी कर ले गए और केबल काट दिया।
कंपनी का दफ्तर भी इन लोगों ने हटा दिया। कार्रवाई करने पर जान से मारने की धमकी दी। हरजिंदर ने शिकायत की, लेकिन उससे पहले उन्हीं के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करा दी गई। न्यायालय की शरण ली तो हरजिंदर की तरफ से आरोपियों पर बारादरी थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है।