भमोरा। 22 अप्रैल को ब्लॉक आलमपुर जाफराबाद की ग्राम पंचायत कैमुआ में प्रधान व सचिव की जिला अधिकारी से की गई शिकायत पर जांच को पहुंची टीम के सामने हिस्ट्रीशीटर के आ जाने के कारण नाराजगी जताते हुए दोनों पक्ष भिड़ गए। इसी दिन प्रधान पक्ष की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई थी। बृहस्पतिवार देर रात शिकायतकर्ता की तहरीर पर क्रॉस मुकदमा दर्ज कर लिया गया।
ब्लॉक आलमपुर जाफराबाद की ग्राम पंचायत कैमुआ में प्रधान व सचिव पर वित्तीय अनियमिताओं का आरोप लगाते हुए डीएम बरेली को प्रार्थना पत्र देकर जांच कराने की बात कही गई थी। डीएम के निर्देश पर जांच टीम 22 अप्रैल को कैमुआ पंचायत घर पहुंची, जहां ग्राम प्रधान अखिलेश उपाध्याय, सचिव शशांक राय के साथ शिकायतकर्ता कुलदीप उपाध्याय मौजूद थे।
अभी जांच चल ही रही थी कि हिस्ट्रीशीटर नरेश उपाध्याय के आ जाने पर दोनों पक्ष भिड़ गए। प्रधान पक्ष की ओर से उसी दिन 22 अप्रैल को 8 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। बृहस्पतिवार रात शिकायतकर्ता कुलदीप उपाध्याय के भाई अजय उपाध्याय की तहरीर पर हिस्ट्रीशीटर नरेश उपाध्याय समेत 8 लोगों पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया। संवाद