बरेली। रोडवेज के प्रवर्तन दल और परिचालक के बीच नियमों को लेकर बहसबाजी का वीडियो वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में परिचालक मुख्यालय प्रवर्तन दल के सहायक यातायात निरीक्षक रवि प्रकाश, ज्ञान चंद्र और कार चालक राजीव सिंह को नियमों का पाठ पढ़ा रहा है। यह वीडियो शुक्रवार शाम का बताया जा रहा है।
शाहजहांपुर की ओर से आ रही रोडवेज बस को प्रवर्तन दल ने फरीदपुर बाईपास के निकट रोक लिया। बस में 25 सवारियां थीं। सभी के टिकट भी थे। वर्दी में न होने की वजह से परिचालक पर 500 रुपये का जुर्माना ठोक दिया। इसके बाद भड़के परिचालक ने टीम को नियमों का पाठ पढ़ाया। वायरल वीडियो में परिचालक प्रवर्तन दल के वर्दी में न होने की बात कह रहा है। हाईवे पर गलत दिशा में कार खड़ी करने व संविदा परिचालकों को परेशान करने की बात भी कह रहा है। परिचालक यह भी कह रहा है कि आप लोगों को 40-40 हजार वेतन मिलता है। संविदा परिचालक को बमुश्किल 10 हजार ही मिलते हैं। परिचालक जुर्माना न लगाने को लेकर विनती भी कर रहा है। सहायक यातायात निरीक्षक बाईपास से निकलने को लेकर परिचालक से सवाल-जवाब कर रहे हैं। वायरल वीडियो में प्रवर्तन दल की मनमानी स्पष्ट रूप से दिख रही है। आरएम दीपक चौधरी ने मामला संज्ञान में नहीं होने की बात कही है।