अपराधियों को शपथ दिलाते सीओ बहेड़ी।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, बरेली
लूट-डकैती के 254 आरोपी आए, 467 जमानतदारों ने मदद न करने की शपथ ली
बरेली। एसएसपी के आदेश पर शुरू किए गए प्रयोग में रविवार को जिले भर के थानों में पहुंचे लूट डकैती के मामलों के आरोपी और उनके जमानतदारों ने शपथ ली। सत्यापन के दौरान आरोपियों ने कसम खाई कि भविष्य में वे कभी अपराध नहीं करेंगे, वहीं जमानतदारों ने भी उनकी मदद न करने की शपथ ली।
एसएसपी रोहित सिंह सजवाण ने बताया कि आपराधिक गतिविधियों में लिप्त लोगों व उनके मददगारों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई बराबर की जाती है। इस बीच उन्हें आत्मग्लानि का बोध कराने को यह प्रयोग शुरू किया गया है। इसके तहत जिले के सभी थानों में लूट-डकैती जैसे जघन्य मामलों के आरोपी और उनके जमानतदार तलब किए गए थे। पहले दिन सभी थानों में 254 आरोपी और 467 जमानतदार पहुंचे। एसएसपी ने बताया कि सभी को क्रमबद्ध तरीके से शपथ दिलाई गई। साथ ही इनका सत्यापन कर मौजूदा गतिविधियों के बारे में जानकारी ली गई। एसएसपी बोले-शपथ वाला फार्मूला कुछ हद तक भी सफल हुआ तो अपराध का आंकड़ा घटना तय है।
नवाबगंज। इंस्पेक्टर सुरेंद्र सिंह पचौरी ने इस दौरान जमानतदारों से कहा कि जमानत की शर्तों का उल्लंघन करने और दो बार अभियुक्त की जमानत लिए जाने के बाद उसके फिर अपराध करने पर जमानतदारों पर ही कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उनकी संपत्ति कुर्क की जाएगी। नवाबगंज थाने में 47 अभियुक्त और 96 जमानतदारों की तस्दीक की गई। इन सभी ने पुलिस और कोर्ट का सहयोग देने का भरोसा दिया। इसके बाद अभियुक्तों को भविष्य में अपराध न करने की शपथ दिलाई गई।
बहेड़ी। थाना परिसर में अपराधियों व उनके जमानतदारों को शपथ दिलाने के साथ ही सीओ यतेंद्र सिंह नागर व इंस्पेक्टर क्राइम पंकज पंत ने उनके आय के माध्यमों के बारे में भी पूछताछ की। बाद में उन्हें यह भी शपथ दिलाई गई कि उन्हें किसी अपराध के बारे में जानकारी मिलती है तो वे पुलिस को बताएंगे। इस दौरान कई गांव के प्रधान व पुलिस कर्मी मौजूद रहे।
शीशगढ़। अभियुक्तों और उनके जमानतदारों को शपथ दिलाने के साथ ही यह भी पूछा गया कि वे वर्तमान में वे कहां रह रहे हैं। इस दौरान अभियुक्तों को दरी पर बैठाया गया, जबकि जमानतदारों को कुर्सी पर। इंस्पेक्टर राजकुमार भारद्वाज ने सभी से अपराध का रास्ता छोड़कर परिवार तथा समाज के प्रति जिम्मेदारियां संभालने की शिक्षा भी दी।