बरेली। इज्जतनगर थाना क्षेत्र में बाइक पर बेटे के साथ शादी समारोह में जा रही महिला के कान से शनिवार सुबह बाइक सवार बदमाश कुंडल नोचकर फरार हो गए। इज्जतनगर थाने में तहरीर देने की बात बताई जा रही है, हालांकि पुलिस इससे इन्कार कर रही है।
नवाबगंज थाना क्षेत्र के वलीनगर गांव निवासी नंदराम पटेल की पत्नी नंदी देवी अपने बेटे अनिल पटेल के साथ शनिवार को बाइक से रिश्तेदार की शादी में शामिल होने जा रही थीं। जब दोनों अहलादपुर पुलिस चौकी के पास पहुंचे, तभी पीछे से आए बाइक सवार बदमाश ने झपट्टा मारकर नंदी देवी के कान से कुंडल नोच लिए। कुंडल खींचने से महिला के कान में चोट आई। बेटे अनिल के मुताबिक उसने शोर मचाया तब तक बाइक पर सवार दो बदमाश आंखों से ओझल हो चुके थे।
सूचना पर पहुंची चौकी पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी। पीड़िता की ओर से तहरीर दी गई है। हालांकि इज्जत नगर थाने के इंस्पेक्टर क्राइम रवेंद्र कुमार ने बताया कि इस तरह की कोई तहरीर थाने पर नहीं आई है। घटना के बारे में जानकारी जुटा रहे हैं, सच्चाई है तो कार्रवाई की जाएगी। ब्यूरो