ग्रामीणों ने पीटकर पुलिस को सौंपा, मामले में जांच-पड़ताल शुरू
नवाबगंज। धान की फसल देखने आए किसान की बाइक को दो बदमाश तमंचा के बल पर छीनकर फरार हो गए। बाद में किसानों ने कुछ दिन बाद शाम को एक बदमाश को नहर के पास पहचान कर दबोच लिया। बाद में ग्रामीणों ने उसे पीटकर पुलिस के सुपुर्द कर दिया है। किसान ने थाना नवाबगंज में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
थाना नवाबगंज क्षेत्र के डंडिया फैज्जुला गांव के लोकेश कुमार कृषि कर परिवार का पालन पोषण करते हैं। किसान का आरोप है कि वह 15 अगस्त की शाम को वह खेत की फसल देखने पहुंचे। तभी वहां खड़े बदमाशों ने तमंचा दिखाकर बाइक रुकवा ली। उसे धक्का देकर गिराते हुए बाइक लेकर कस्बे की ओर फरार हो गए। मामले में तहरीर भी दी। 20 अगस्त की शाम को किसान पैदल ही अपने खेत के पास टहल रहा था। इसी बीच उसने पुलिया के पास एक बदमाश को पहचान लिया। जानकारी होने पर परिजनों ने ग्रामीणों के साथ घेराबंदी कर बदमाश को पकड़ लिया।
आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसने अपने एक साथी के साथ मिलकर बाइक छीनी थी, जिसे उत्तराखंड के जनपद उधमसिंह नगर में 3500 रुपये में बेच दिया है। पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर रही है। संवाद