बरेली। थाना किला के कुंवरपुर में रविवार रात हुए बवाल के मामले में पुलिस के हाथ 48 घंटे बाद भी खाली हैं। घटना के तुरंत बाद पकड़े गए मास्टरमाइंड प्रवीन सक्सेना की गिरफ्तारी दिखाने की बजाय थाने में खातिरदारी की चर्चा है। वहीं, उसके दामाद समेत अन्य आरोपी पकड़ से बाहर हैं। मास्टरमाइंड की बेटी की ओर से जरूर दूसरे पक्ष पर क्राॅस रिपोर्ट दर्ज की गई है।
बिजली निगम के लिए काम करने वाले मीटर रीडर प्रवीन सक्सेना की बेटी माही सक्सेना की ओर से यह रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। इसमें अज्ञात लोगों को आरोपी बनाया गया है। जिक्र है कि वह गर्भवती है। उसके घर के बाहर भीड़ ने पथराव किया।
घर में केवल तीन ही लोग हैं। वह लोग खुद को बचाने के लिए सड़क की ओर भागे तो हमलावरों ने उसके पापा प्रवीन सक्सेना को खींच लिया।
पथराव कर कार के शीशे तोड़ दिए। पापा को धमकी दी कि तुम्हारा रहना मुश्किल कर देंगे। परिवार की बेटियों को उठा ले जाएंगे। हमें इन आरोपियों से बचा लें, मेडिकल परीक्षण कराकर रिपोर्ट दर्ज करें। ब्यूरो