गर्मी में खुद को कूल, फैशनेबल और सूरज की तपस से सुरक्षित बनाए रखने के लिए आप खूब मेहनत कर रहे होंगे। कपड़ा उत्पादक कंपनियों ने यूथ केइस कंसर्न को देखते हुए ऐसा समर कलेक्शन पेश किया है, जो सनबर्न से बचाने केसाथ आपको ट्रेंडी लुक देता है।
लड़कियां अब जीन्स, केप्री से कार्टन नी लेंथ और लांग स्कर्ट को अपना समर स्टाइल बना रही हैं। बाजार में लांग स्कर्ट, स्टोल, प्रिंटेड कुर्तों की मांग है। इस बार विशेष समर कलेक्शन में लड़कियों के लिए डेनिम कुर्ती और लड़कों के लिए डेनिम शर्ट बाजार में हैं। इनको लेकर युवाओं में खास रुझान देखा जा रहा है। मेन्स जींस में नया प्रयोग बेल्ट की जगह गेलिस के रूप में हुआ है। इसे पहनते समय बेल्ट लगाने की जरूरत नहीं।
खादी बाजार में मोंटेकार्लो, डब्ल्यू, पेंटालून सरीखे ब्रांड के उतरने से खादी के डिजायनर कपड़ों का खास कलेक्शन बाजार में हैं। डब्ल्यू फॉर वीमेन कंपनी के स्थानीय स्टोर की पारुल बताती हैं कि खादी की लांग कुर्ती के ऊपर श्रग (ऊपर से पहनने वाली कोटीनुमा शर्ट) और क्यूलेट्स (पटियाला स्टाइल का पयजामा) इस समय लड़कियां खास पसंद कर रही हैं। जो स्टाइल के साथ आरामदायक भी है। लंबी कुर्ती का फैशन इस गर्मी में भी जारी है, पर इस बार इसे अप एंड डाउन शेप में डिजायन किया गया है। कुर्ती का फ्रंट छोटा और बैक लंबा रखा गया है।
रंगों से कोई समझौता नहीं
आमतौर पर गर्मी में हल्के रंग पहनने की सलाह दी जाती है, पर इस बार बाजार का चक्कर लगाएंगे तो आपको काले, नीले, पीले, बैंगनी समेत कई ऐसे गहरे रंग मिलेंगे जो अमूमन सर्दियों में पहने जाते हैं। मोंटेकार्लो स्टोर के ओनर ने बताया कि इस बार रंगों के शेड में प्रयोग किए गए हैं, चटकीले की जगह ये रस्टी कलर्स हैं। बाजार में खादी कॉर्टन, लिनिन फेब्रिक, विस्कोस फेब्रिक, गीजा कॉर्टन इन दिनों राहत देने वाले और फैशनेबल कपड़ों का पर्याय हैं। तौलिए के कपड़े (टॉवल स्टफ) में मेन्स टीशर्ट इस बार विशेष प्रयोग है।
बॉडी कबर करने के नाम पर बन गया बड़ा बाजार
चेहरे को सनबर्न से बचाने के लिए स्कार्फ बांधने का चलन बढ़ने के साथ बाजार में तरह-तरह के रंग, प्रिंट और डिजायन के स्कार्फ मौजूद हैं। कुतुबखाना में एक विक्रेता राजेंद्र ग्वाल बताते हैं कि पिछले पांच सालों में फुल स्लीव्स ग्लब्स, गर्मी के मोजे और दुपट्टे की बिक्री बढ़ी है। कंपनियाें ने चेहरे की सुरक्षा के लिए विशेष मास्क भी बाजार में उतारे हैं, जिन्हें खासतौर पर युवा पसंद कर रहे हैं।