सिरौली। कस्बे में महिला व्यापारी को पीटने वाले हमलावर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। मंगलवार को पड़ोस के आलिया ने पश्चिमी बाजार में रामकिशन गुप्ता की दुकान में घुसकर वहां मौजूद उनकी पत्नी मीना गुप्ता को दुकान से सड़क पर खींच कर सरेआम सड़क पर लात,घूंसों, लोहे की रॉड से इस कदर पीटा कि उनके दांत तक निकल गए। हमलावर जब तक पीटता रहा, तब तक पुलिस आ गई। पुलिस को देखकर वह भाग गया। इस तरह सरेआम महिला के साथ मारपीट की घटना से नगर के व्यापारियों में जबरदस्त आक्रोश बना हुआ है। उन्होंने पुलिस अधीक्षक से व्यापारियों के साथ इस तरह की घटना पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। यहां आरोप है कि पुलिस ने दो तहरीर बदलवाकर कई गंभीर आरोप हटवा दिए, जैसे महिला के कानों से सोने के कुंडल गायब हुए। थाना प्रभारी रवि कुमार ने बताया कि हमलावर को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसके खिलाफ विधिक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। संवाद