नवाबगंज। कस्बे में पांच करोड़ रुपये की लागत से मुख्य मार्ग का निर्माण कराया जाएगा। इससे लोगों को गड्ढों से भरी सड़क से मुक्ति मिलेगी।
लोगों के अनुसार कस्बे के मुख्य मार्ग पर जगह-जगह गहरे गड्ढे हो गए हैं। इससे आए दिन स्कूली बच्चों की साइकिलें फंस कर गिर जाती हैं, जबकि बारिश के दिनों में सड़क पर जलभराव हो जाता है। इससे सड़क से गुजरना दुश्वार हो जाता है। इससे परेशान होकर लोग काफी समय से इस सड़क के निर्माण की मांग कर रहे थे।
विधायक डाॅ. एमपी आर्य ने बताया कि कस्बे के विजौरिया तिराहा से शुरू होकर तहसील चौराहा से होते हुए पनघैली नदी के पुराने पुल तक पांच करोड़ की लागत से सड़क का निर्माण कराया जाएगा। इसके लिए पांच करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत हो गई है।
पीलीभीत हाईवे से प्राचीन शिव मंदिर तक होगा इंटरलाॅक मार्ग का निर्माण
विधायक के अनुसार पीलीभीत हाईवे से ईध जागीर गांव के शिव मंदिर तक जाने वाली सड़क पर 90 लाख रुपये की लागत से इंटरलाॅक मार्ग का निर्माण कराया जाएगा। इसके लिए धनराशि स्वीकृत हो गयी है। संवाद