बरेली। स्वास्थ्य विभाग की ओर से अवैध अल्ट्रासाउंड सेंटरों के खिलाफ चल रही कार्रवाई को देखते हुए कई सेंटर संचालकों ने सीएमओ को पत्र भेजा है। उन्होंने पोर्टल पर लंबित आवेदन को स्वीकृत करने और खराब पड़ी मशीन का पंजीकरण निरस्त करने की मांग की है। सीएमओ ने संबंधित प्रार्थना पत्रों का संज्ञान लेकर पीसीपीएनडीटी के नोडल अधिकारी को कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
स्वास्थ्य विभाग से प्राप्त जानकारी के मुताबिक अब तक तीन अल्ट्रासाउंड संचालकों ने सीएमओ को पत्र भेजे हैं। केयर डायग्नोस्टिक सेंटर ने भेजे पत्र में कहा है कि अल्ट्रासाउंड मशीन खराब है, लिहाजा पंजीकरण निरस्त कर दीजिए। इंद्रानगर के प्रकाश अस्पताल के संचालक ने बताया है कि उनके पास मशीन आ गई है। पोर्टल पर आवेदन लंबित है। मशीन पंजीकरण के बाद ही सेंटर संचालित किए जाने की बात कही है। शुभम डायग्नोस्टिक सेंटर बहेड़ी ने भी मशीन के पंजीकरण का मामला पोर्टल पर लंबित होने की बात कही है। मामले में सीएमओ ने नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
सीएमओ डॉ. बलवीर सिंह के मुताबिक दो दिनों में छह से ज्यादा प्रार्थना पत्र प्राप्त हो चुके हैं। लंबित आवेदनों का नियमानुसार सत्यापन कर पंजीकरण करने और निरस्त किए जाने की मांग पर उचित कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। अवैध सेंटरों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी। पीसीपीएनडीटी टीम को छापा कार्रवाई को कहा है।
चार सेंटर पर रिपोर्ट, नौ किए गए हैं सील
पिछले दिनों स्वास्थ्य विभाग की टीम ने जिले के 55 अल्ट्रासाउंड सेंटरों की जांच की थी। भ्रूण लिंग जांच किए जाने की पुष्टि होने पर चार सेंटरों के खिलाफ संबंधित थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। नौ सेंटरों को सील किया गया है। जिले में 240 सेंटर पंजीकृत हैं। फरवरी में अब तक 32 केंद्रों की जांच की जा चुकी है।