भोजीपुरा। ट्राॅलियों की चोरी व अवैध शराब बनाने के मामले में पकड़े गए तीनों आरोपी सरगना के साथ दिन में बाइक से रेकी करते थे और रात में चोरी कर ले जाते थे। इसके बदले चोर गिरोह का सरगना उन्हें एक ट्राॅली चोरी करने पर पांच हजार रुपये देता था। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों को कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया।
भोजीपुरा पुलिस ने बृहस्पतिवार को मुखबिर की सूचना पर नैनीताल हाईवे पर बसे गांव अभयपुर के एक कच्चे मकान में छापा मारा था। पुलिस को यहां चोरी की ट्राॅलियों के अलावा अवैध शराब भी बनती मिली थी। मौके से अमरपाल व सर्वेश निवासी समसपुर थाना भोजीपुरा और सूरज शर्मा निवासी दोहना पीतमराय को गिरफ्तार किया था।
मकान के अंदर से तीन ट्राॅलियां साबुत और एक ट्राॅली अधकटी, 18 लोहे के टुकड़े, आठ टायर, एक ट्रैक्टर, गैस कटर, वेल्डिंग मशीन और तमाम पुर्जे बरामद हुए थे। शराब बनाने में प्रयुक्त केमिकल का लेबल, एल्कोहल मीटर, एक गैस सिलिंडर, गत्ते की पेटी और एक बाइक भी मिली थी।
सरगना नरेश कश्यप उर्फ चीमा निवासी संजयनगर थाना बारादरी हाल निवासी माॅर्डन विलेज और सेवाराम नामक व्यक्ति भाग गए। पकड़े गए आरोपियों ने बताया कि नरेश कश्यप के साथ वह बाइक से रेकी करते थे। रात में वह ट्रॉलियां चोरी कर लेते थे। उन्हें एक ट्राॅली चुराने पर पांच हजार रुपये मिलते थे। अमरपाल, सर्वेश व सूरज शर्मा की सरगना नरेश कश्यप से मुलाकात दिल्ली में हुई थी। तभी नरेश ने चोरी और शराब बनाने में धकेल दिया।