यूनियन की अपील के बाद परिसर को कराया गया सैनिटाइज
बरेली। एक कातिब के कोरोना संक्रमित मिलने और एक बाबू सहित दो कर्मचारियों के संदिग्ध होने की जानकारी के बाद रजिस्ट्री आफिस में हड़कंप मचा हुआ है। कातिब इस कदर दहशत में हैं कि बृहस्पतिवार को उन्होंने दो बजे ही काम बंद कर दिया। इतना ही नहीं, खतरे को देखते हुए यूनियन की अपील के बाद कातिबों ने शुक्रवार और शनिवार को काम न करने का फैसला लिया है। कातिबों के एआईजी स्टांप से मिलकर दिक्कत बताने के बाद बृहस्पतिवार की शाम को नगर निगम से मशीन मंगवाकर रजिस्ट्री आफिस के परिसर को सैनिटाइज कराया गया है।
कोरोना संक्रमण के खतरे के बावजूद रजिस्ट्री आफिस में कातिबों के बिस्तर पर पक्षकारों की हर दिन जबरदस्त भीड़ लग रही है। शुरूआत से ही यहां सोशल डिस्टेंसिंग का कोई अनुपालन नहीं हो रहा है। ज्यादातर कातिबों के पास न तो सैनिटाइजर है और न ही मास्क लगाने को लेकर सतर्कता बरती जा रही है। रजिस्ट्री में भी बैनामा कराने वालों का जमावड़ा लगा रहता है। ऐसे में जिसका बात का डर था, वही हुआ। रजिस्ट्री आफिस में एक कातिब जांच में कोरोना संक्रमित मिलने के बाद हड़कंप मचा हुआ है। बताते हैं कि उनके परिवार के कई और लोग भी यहां दस्तावेज लेखक है। इसके रजिस्ट्री आफिस के एक बाबू सहित दो कर्मचारियों में भी कोरोना के लक्षण बताए जा रहे हैं। इससे विभागीय स्टाफ भी दहशत में है। बताते हैं कि कोरोना के डर से बीच-बीच में कई अफसर छुट्टी पर चले जाते हैं। संक्रमण के खतरे से खौफजदा कातिबों ने बृहस्पतिवार को पांच के बजाय दो बजे तक ही काम किया। दस्तावेज लेखक कल्याणकारी समिति के पदाधिकारियों ने एआईजी स्टांप बीसी सिंह से मिलकर समस्या बताई थी। इसके बाद बृहस्तिवार की शाम को नगर निगम से गाड़ी मंगवाकर रजिस्ट्री आफिस के परिसर को सैनिटाइज कराया गया है। यूनियन की अपील के बाद कातिबों ने शुक्रवार और शनिवार को एहतियातन काम न करने का फैसला लिया है। अब सोमवार से काम शुरू होगा।
टोकन सिस्टम न थर्मल स्क्रीनिंग
रजिस्ट्री आफिस में कोरोना के खतरे को देखते हुए पिछले महीने डीएम नितीश कुमार ने टोकन सिस्टम लागू किया था। साथ ही दफ्तर के गेट पर थर्मल स्क्रीनिंग और सैनिटाइजर का भी इंतजाम कराया गया था। यह व्यवस्था कुछ दिन लागू भी रही लेकिन अब यहां न तो थर्मल स्क्रीनिंग हो रही है और न ही टोकन सिस्टम ही लागू है।
कातिबों के पास अभी भी पक्षकारों की भीड़
रजिस्ट्री आफिस में बड़ी तादाद में बैठने वाले काबितों के पास अभी भी पक्षकारों की काफी भीड़ लग रही है। रजिस्ट्री विभाग के अफसरों के कई बार चेताने के बावजूद यहां सोशल डिस्टेंसिंग का कोई अनुपालन नहीं कराया जा रहा है।
‘अफसरों से मिलकर कई बार परिसर को सैनिटाइज कराने सहित अन्य व्यवस्थाएं कराने का आग्रह किया गया है लेकिन इस पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है।’ - राजेश सक्सेना, महामंत्री, दस्तावेज लेखक कल्याणकारी समिति
‘आज भी यूनियन के लोग रजिस्ट्री विभाग के अधिकारियों से मिले हैं। शुक्रवार और शनिवार को काम न करने की जानकारी दे दी है। कातिबों से भी सतर्क रहने का आग्रह किया गया है।’ - अमर सिंह, अध्यक्ष, दस्तावेज लेखक कल्याणकारी समिति