बहेड़ी। तहसील सभागार में जिलाधिकारी (डीएम) अविनाश सिंह की अध्यक्षता में शनिवार को संपूर्ण समाधान दिवस आयोजित हुआ। इसमें हाईवे से सटी वक्फ की जमीन के लेन-देन का मुद्दा उठाया गया। इस पर डीएम ने मामले की जांच खुद करने का आश्वासन दिया। उन्होंने 200 शिकायतें सुनीं। इनमें से 70 शिकायतें निस्तारित की गईं।
जाम सावंत गांव के बाशिंदों ने डीएम को ज्ञापन दिया। उन्होंने बताया कि जाम बाजार क्षेत्र हाईवे से सटा है। वहां वक्फ की लगभग 30 बीघा जमीन है। गांव के कुछ लोगों ने बैनामा कराकर इस जमीन को एक साल पहले भू-माफियाओं को बेच दिया। उसपर कब्जा करने की कोशिश की जा रही है। डीएम ने मुख्य शिकायतकर्ता ताहिर को आश्वासन दिया कि वह इस मामले की जांच खुद करेंगे। डीएम ने कहा, इस मामले के संबंध में मौलाना शहाबुद्दीन भी मुलाकात कर चुके हैं। फिलहाल विवादित जमीन पर निर्माण या लेवलिंग पर रोक लगा दी गई है। उसका स्वरूप बदलने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों को शेष शिकायतों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने की हिदायत दी।
शिक्षक-चिकित्सकों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश :
नगर पालिका सभासदों ने सरकारी अस्पताल में अव्यवस्था, चिकित्सकों के समय पर न आने, एक्स-रे सुविधा बंद होने, एटीएम मशीन न चलने और महिला अस्पताल में सुविधाओं के अभाव में संचालन न होने की शिकायत की। इस पर डीएम ने सीएमओ को कार्रवाई के निर्देश दिए। पूर्व विधानसभा प्रत्याशी नसीम अहमद ने नगर पालिका की मिलीभगत से तालाब पर अवैध कब्जा करने का आरोप लगाया। इस पर डीएम ने संबंधित अधिकारी को जांच के निर्देश दिए। वहीं, लखीमपुर गांव के युवक ने प्राथमिक स्कूल की शिक्षिका के रोजाना देर से आने की शिकायत की। डीएम ने बीएसए को कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
लोगों की सुविधा के लिए होंगे काम : डीएम
1, नैनीताल स्टेट हाईवे अहम है। यह उत्तराखंड से जुड़ता है। इसको गड्ढा मुक्त कराने के लिए एनएचएआई के अधिकारियों से वार्ता कर इस सड़क का निर्माण शुरू कराया जाएगा।
2, नदेली रोड से अतिक्रमण और अवैध ई-रिक्शा स्टैंड को हटाने के निर्देश नगर पालिका प्रशासन को दिए गए हैं।
3, हाईवे से फर्जी टीआरपी नंबर के जरिये ओवरलोड ट्रक गुजरते हैं। उनको पकड़ा जा रहा है। एसडीएम को पुलिस के साथ चेकिंग के निर्देश दिए हैं। टीम तैनात होने पर भी ट्रक निकल रहे हैं तो चेक पोस्ट पर तैनात सभी विभागों के कर्मचारियों से जवाब मांगा जाएगा।