बहेड़ी। तहसील क्षेत्र में शनिवार को आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में एडीएम वित्त एवं राजस्व संतोष कुमार सिंह पहुंचे। एडीएम ने 86 शिकायतों में से 10 का मौके पर निस्तारण कराया। इसमें गन्ना किसानों के बकाए के भुगतान का मुद्दा छाया रहा।
बहेड़ी तहसील में डीएम की उपस्थिति में सुनवाई होनी थी। उसके बाद उनके आने का कार्यक्रम टल गया। एडीएम की उपस्थिति में पहुंचे किसानों केसर चीनी मिल पर गन्ने के भुगतान का मुद्दा उठाया। इस पर एडीएम ने मिल की कृषि योग्य भूमि की नीलामी जल्द से जल्द कराकर भुगतान दिलाए जाने की बात कही।
रवि कुमार ने नगर पालिका परिषद में अवैध रूप से बनाई जा रही कॉलोनियों और बगैर नामांतरण के बनाए गए शॉपिंग काॅम्पलेक्स और भवनों का मुद्दा उठाया। इस मामले में एडीएम ने अधिशासी अधिकारी को कार्रवाई करने के लिए कहा है। आदर्श कॉलोनी, टीचर्स कॉलोनी, सिंह गौटिया, जाजूनागर के निवासियों ने नदेली रोड के जर्जर होने से आए दिन हादसे होने की शिकायत करते हुए इस मार्ग के निर्माण की मांग की। पीडब्ल्यूडी विभाग के जेई ने बताया कि इस मार्ग का बजट स्वीकृत नहीं हो पाया है, जिसके कारण काम अटका हुआ है। इसके बाद एडीएम ने मंडनपुर शुमाली गांव की अन्नपूर्णा भंडार का निरीक्षण किया। इस दौरान एसडीएम रत्निका श्रीवास्तव, तहसीलदार भानु प्रताप आदि मौजूद रहे। संवाद
37 शिकायतें हुईं दर्ज, छह का मौके पर निस्तारण
फरीदपुर। तहसील सभागार में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व संतोष कुमार सिंह की अध्यक्षता में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में 37 शिकायतें दर्ज हुईं। मौके पर छह शिकायतों का निस्तारण कर दिया गया। इस मौके पर एसडीएम मल्लिका नैन, तहसीलदार प्रशांत अवस्थी आदि मौजूद रहे। संवाद
संपूर्ण समाधान दिवस में आईं 50 शिकायतें
आंवला। तहसील सभागार में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में पहुंची एडीएम ई पूर्णिमा सिंह के समक्ष कुल 50 शिकायतें दर्ज हुईं। मौके पर केवल चार शिकायतों का ही निस्तारण किया। इस दौरान राजस्व विभाग से 18, पुलिस विभाग से 11, विकास विभाग से 8, समाज कल्याण विभाग से पांच और स्वास्थ्य विभाग से एक शिकायतें मिलीं। अन्य विभागों से सात शिकायतें प्राप्त हुईं। इस दौरान एसडीएम विदुषी सिंह, सीओ नितिन कुमार सहित अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। संवाद
संपूर्ण समाधान दिवस में 30 शिकायतें दर्ज, दो का निस्तारण
मीरगंज। तहसील सभागार में शनिवार को आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में 30 शिकायतों में से दो का निस्तारण मौके पर ही करा दिया गया। अधिकांश शिकायतें राजस्व विभाग से संबंधित रहीं। इस दौरान अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) के न आने पर एसडीएम इशिता किशोर की अध्यक्षता में समस्याएं सुनी गईं।
-
एसडीएम और एसपी ग्रामीण ने सुनी शिकायतें
नवाबगंज। संपूर्ण समाधान दिवस एसडीएम उदित पवार और एसपी ग्रामीण उत्तरी मुकेश चंद्र मिश्रा की अध्यक्षता में संपन्न हुआ। इसमें 59 शिकायतें दर्ज हुईं, जिसमें पांच शिकायतें मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया।
हरदुआ गांव के पारस गंगवार ने शिकायत की कि उनके गांव में परिवार रजिस्टर की नकल के नाम पर 100 रुपये लिए जाते हैं। भदपुरा ब्लाॅक के जरपा मोहनपुर गांव के ग्रामीणों ने शिकायत की कि बारिश के दिनों में उनका गांव टापू में तब्दील हो जाता है। उनके गांव तक जाने के लिए सड़क मंजूर हो गई है, लेकिन अभी तक निर्माण नही कराया गया है। इसमें कार्रवाई का आश्वासन दिया गया है। संवाद