पिछले साल नॉर्थ जोन हॉकी गर्ल्स टूर्नामेंट में तीसरे स्थान पर रही जीएनडीयू अमृतसर (गुरु नानक देव यूनिवर्सिटी) के आगे मेजबान रुहलेखंड विश्वविद्यालय की टीम नॉक आउट के अपने आखिरी मैच में टिक नहीं सकी। उसे 0-8 से करारी हार झेलनी पड़ी। हार के साथ ही मेजबान टीम प्रतियोगिता से बाहर हो गई है। विश्वविद्यालय के मैदान पर हुए मुकाबले में अमृतसर की टीम पहले मिनट से ही हावी रही। हालांकि, विवि की गोल कीपर हिना ने अमृतसर के आठ पेनल्टी कार्नर को गोल में तब्दील नहीं होने दिया। पेनल्टी कार्नर से चूकने पर कई नेशनल खिलाड़ियों से सजी अमृतसर की टीम ने एक पर एक फील्ड गोल्ड दागे। नेशनल खिलाड़ी नवनीत कौर ने एक, काजल (जीके) ने दो, काजल ने दो और बेबी ने गोल की हैट्रिक लगाते हुए टीम को जीत दिलाई। 40वें मिनट में विवि को एक पेनल्टी कार्नर मिला पर टीम गोल नहीं कर पाई।
अमृतसर ने लीग में भी शानदार प्रदर्शन जारी रखा। बरेली कॉलेज के मैदान पर खेले गए लीग मुकाबले में लखनऊ विश्वविद्यालय को रोमांचक मैच में 2-1 से मात दी। हालांकि, मैच के पहले क्वार्टर में लखनऊ की संगीता ने गोल कर टीम को बढ़त दिलाई। मैच के 26वें मिनट में नेशनल खिलाड़ी रह चुकी मनमीत कौर ने पेनल्टी कार्नर से और 56वें मिनट में बेबी ने एक-एक गोल कर टीम को 2-1 से जीत दिलाई। हालांकि, मैच के आखिरी क्वार्टर में लखनऊ ने पूरी ताकत स्कोर बराबर करने में लगा दी पर कामयाबी नहीं मिली।
रोहतक के आगे कुरुक्षेत्र पस्त
पिछले साल नॉर्थ जोन हॉकी की उप विजेता रही महर्षि दयानंद विवि रोहतक की टीम ने इस बार भी दबदबा कायम रखा। बुधवार को खेले गए नॉक आउट मुकाबले में श्री गुरु ग्रंथ साहिब विवि पंजाब को 5-0 से मात देते हुए लीग में प्रवेश किया। लीग मुकाबले में भी शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए पिछले साल नॉर्थ जोन हॉकी में चौथे नंबर पर रहे कुरुक्षेत्र विवि को रोमांचक मुकाबले में 3-1 से हराया। ज्योति, प्रिया, श्वेता, देविका और ज्योति दहिया जैसे नेशनल खिलाड़ियों वाली टीम रोहतक ने शुरू से ही दबदबा बनाया। 5वें और 44वें मिनट में नेहा ने दो गोल, 29वें मिनट में देविका ने एक गोल कर टीम को 3-0 से लीड दिलाई। हालांकि, मैच के 56वें मिनट में कुरुक्षेत्र की प्रिया के गोल से टीम को शून्य से हार से बचा लिया।
पिछले साल की विजेता टीम हुई बाहर
पिछले साल नॉर्थ जोन हॉकी की विजेता टीम पंजाब यूनिवर्सिटी पटियाला इस बार अपनी नंबर वन की पोजीशन नहीं बचा पाई। लखनऊ की टीम ने रोमांचक मुकाबले में 1-0 से हराते हुए पटियाला को बाहर का रास्ता दिखाया। लखनऊ की सोनल तिवारी ने मैच के 34वें मिनट में मिले पेनल्टी कार्नर को गोल में तब्दील कर टीम को बढ़त दिलाई। हालांकि, पटियाला की टीम को कई मौके गोल के मिले पर टीम उनको भुना नहीं पाई।
नॉक आउट में पंजाब की टीमों का रहा दबदबा
पिछले साल भी पंजाब की टीमों का दबदबा रहा था। इस बार भी वही तस्वीर देखने को मिली। नॉक आउट में गुरु नानक देव अमृतसर ने रुहेलखंड विवि को 8-0 से, कुरुक्षेत्र विवि ने श्री गुरु ग्रंथ साहिब विवि पंजाब को 5-0 से, महर्षि दयानंद रोहतक ने डीयू को 9-1 से मात दी। इसके अलावा क्वार्टर फाइनल में लखनऊ विवि ने पंजाब विवि चंडीगढ़ को, डीयू ने सीजेएम विवि कानपुर को 4-0 से हराया।
आज इनके बीच होंगे लीग मुकाबले
महर्षि दयानंद विवि, रोहतक बनाम जीएनडीयू, अमृतसर
कुरुक्षेत्र विवि बनाम लखनऊ विवि
जीएनडीयू बनाम कुरुक्षेत्र विवि
महर्षि दयानंद, रोहतक बनाम लखनऊ विवि
आज होगा समापन
विवि के क्रीड़ा सचिव प्रो. एके जेटली ने बताया कि प्रतियोगिता का समापन 3.30 बजे विवि के मैदान पर होगा। टीमों को पुरस्कार वितरित किए जाएंगे। प्रतियोगिता कराने में डॉ. आलोक श्रीवास्तव, डॉ. तरुण राष्ट्रीय, डॉ. हेम गौतम, डॉ. जेएन मौर्या, हॉकी एसोसिएशन के सचिव वसीम खान, ओपी मिश्रा, जहीर अहमद आदि का सहयोग रहा।
रोहतक और दिल्ली के मैच में ड्रेस का विवाद
नॉक आउट मुकाबले में डीयू और एमडी यूनिवर्सिटी रोहतक के बीच ड्रेस को लेकर विवाद हो गया। दोनों टीमों की किट नीली थीं। नियमानुसार दोनों टीमों की ड्रेस अलग-अलग रंग की होनी चाहिए थीं। डीयू के कोच ने इस पर आपत्ति भी जताई। करीब आधा घंटे मैच रुका रहा। बाद में दोनों टीमों को उसी ड्रेस में मैच खिलाया गया। जीत रोहतक के खाते में गई। रोहतक ने डीयू को 9-1 से मात दी। रोहतक की तरफ से शिल्पी ने दो गोल दागे।
लखनऊ की अंशिका ने लगाई गोल की हैट्रिक
नॉक आउट मुकाबले में लखनऊ की टीम ने पंजाब यूनिवर्सिटी चंडीगढ़ को 3-0 से मात दी, जिसमें प्रतियोगिता की पहली हैट्रिक भी देखने को मिली। लखनऊ की अंशिका सिंह ने एक पेनल्टी कॉर्नर से और दो फील्ड गोल करते हुए हैट्रिक लगाई। उसने 23वें, 29वें और 46वें मिनट में गोल किया।