नवाबगंज फोटो 2 सेंथल स्कूल में गिरा बिजली का तार
सेंथल। कस्बे के कंपोजिट उच्च प्राथमिक विद्यालय के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन विद्युत लाइन का तार बृहस्पतिवार सुबह टूटकर गिर गया। गनीमत रही कि उस समय स्कूल नहीं चल रहा था। इससे बड़ा हादसा होने से बच गया।
सरकारी विद्यालयों में नौनिहालों के नामांकन को लेकर शिक्षा विभाग भले ही गंभीर है, लेकिन उनकी सुरक्षा को लेकर अधिकारी गंभीर नहीं हैं। प्राथमिक विद्यालय सेंथल द्वितीय को बिल्डिंग ध्वस्तीकरण के चलते मुख्य मार्ग पर स्थित सेंथल कंपोजिट विद्यालय में शिफ्ट किया गया है। दोनों विद्यालय इसी भवन में संचालित हो रहे हैं। विद्यालय के इस भवन में जिस ओर प्राथमिक विद्यालय द्वितीय की कक्षाएं संचालित हो रही हैं। उसके ऊपर से 11000 केवी की हाईटेंशन लाइन गुजर रही है। बृहस्पतिवार की सुबह लाइन का तार टूटकर विद्यालय में गिर गया, लेकिन स्कूल समय न होने के चलते हादसा टल गया।
प्राथमिक विद्यालय सेंथल द्वितीय की प्रधानाचार्या शीरी फात्मा जैदी ने यूपीपीसीएल के मुख्य अभियंता आदि के यहां शिकायत कर लाइन हटवाने की मांग की। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को इससे अवगत कराया। सूचना पर बीईओ नवाबगंज पहुंचे और जानकारी ली। संवाद