बहेड़ी। झोलाछाप के इलाज से दुल्हन की मौत हो जाने के बावजूद स्वास्थ्य विभाग ने संज्ञान नहीं लिया। वहीं, दूसरी ओर मृतका के पोस्टमॉर्टम कराने के बाद उसके विसरा को पुलिस ने सुरक्षित कर लिया है।
बुधवार को देवीपुरा गांव के थान सिंह की बेटी शांति की शादी होनी थी। रात को उसकी बरात आने वाली थी। दोपहर तीन बजे उसकी तबीयत बिगड़ने पर परिजन उसे कस्बे के सफा नर्सिंग होम शेखूपुर रोड पर ले गए। वहा हालत बिगड़ने पर उसे भोजीपुरा के एक अस्पताल ले गए। परिजनों ने आरोप लगाया कि झोलाछाप की लापरवाही की वजह से उसकी मौत हो गई। इस पर ग्रामीणों ने हंगामा किया। पुलिस ने आरोपी झोलाछाप तनसीम अहमद के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की। वहीं, मृतका के पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में मौत की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस ने उसके विसरा को सुरक्षित कर लिया है। वहीं, दूसरी ओर स्वास्थ्य विभाग ने कोई कार्रवाई नहीं की है।
बताया जा रहा है कि कस्बे में 30 नर्सिंग होम अवैध रूप से चल रहे हैं। तहसील के देहात क्षेत्र में 400 के करीब झोलाछाप अलग-अलग स्थानों पर मरीजों का इलाज कर उनकी जिंदगी और मौत से खेल रहे हैं। संवाद
अवैध रूप से चल रहे सभी अस्पतालों पर एक साथ कार्रवाई की जाएगी। इसको लेकर टीम बनाई जा रही है। अवैध रूप से संचालित अस्पताल नहीं चलने दिए जाएंगे। क्लीनिक की जांच गोपनीय तरीके से की जाएगी।
- अमित कुमार, चिकित्सा अधिकारी, सीएचसी, बहेड़ी