ये है पूरा मामला
जेपी नड्डा की पत्नी मल्लिका नड्डा के नाम की फॉर्च्यूनर कार चुराने वाले गिरोह के दो सदस्यों को दिल्ली पुलिस ने गिरफ्तार कर कार बरामद की है। यह गिरोह दिल्ली से आकर बरेली में सक्रिय हो गया था। यहां गिरोह ने तीन कारें 29 मार्च की रात में ही चुरा ली थीं, जिनमें दो क्रेटा और एक फॉर्च्यूनर शामिल थी।
बारादरी थाना पुलिस ने दो अप्रैल को सेटेलाइट बस स्टैंड के पास कार चोरी की कोशिश करते दिल्ली के छतरपुर निवासी फारूख को पकड़ लिया था। पुलिस के मुताबिक जब फारूख को पकड़ा गया तो उसका ससुर शाहिद मोटा और साथी नेक मोहम्मद भी साथ थे पर वह दोनों फरार हो गए।
आरटीओ और इंश्योरेंस सेक्टर में है दखल
फारूख से मिली जानकारी के मुताबिक कंडम गाड़ियों के रजिस्ट्रेशन पर नई गाड़ियों का पंजीकरण कराने और फर्जी तरीके से वाहनों का बीमा लेने का काम भी गिरोह के सदस्य करते हैं। आरोपियों का कई शहरों व राज्यों के परिवहन कार्यालयों और बीमा कंपनियों में जुगाड़ है। वहां उनके मददगार अपने साथ अफसरों को मिलाकर ऐसे काम पलक झपकते ही करा देते हैं। फिर रोड पर चेकिंग के दौरान भी ये लोग पकड़ में नहीं आते हैं।
एसएसपी घुले सुशील चंद्रभान ने बताया कि फारूख उसी गिरोह का सक्रिय सदस्य है जिसने दिल्ली में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष की कार चोरी की थी। बारादरी पुलिस ने फारूख को पकड़कर गिरोह से जुड़ी काफी जानकारी हासिल की है। गिरोह के दूसरे सदस्यों को पकड़ने व चोरी की कारों की बरामदगी के लिए बरेली पुलिस काम कर रही है।