फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

पहले दिन ही बिक गई 550 किलो दालें

Sun, 25 Oct 2015 02:12 AM IST
बरेली
विज्ञापन
विज्ञापन
अमर उजाला ब्यूरो
विज्ञापन

बरेली। महंगाई को मात देने के लिए व्यापार मंडल की पहल पर लगाए गए सस्ती दालों के काउंटर से पहले दिन ही 550 किलो से अधिक दाल बिक गई। तीन स्थानों पर लगाए गए काउंटर से अरहर के साथ मसूर और चना की दाल भी हाथोंहाथ ली गई। 140 रुपये किलो के भाव अरहर दाल खरीदने के लिए दूरदराज से लोग राहत काउंटरों पर दाल लेने आए। इस बीच व्यापारियों ने जल्द ही 110 रुपये प्रति किलो के भाव पर अरहर की दाल उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया हैं।
दाल कीमतों पर देश भर में हो रहे बवाल को देखते हुए दाल मिल, दाल कारोबारी और उद्योग व्यापार मंडल ने अरहर और अन्य दालें सस्ते दामों पर उपलब्ध कराने को प्रस्ताव रखा था। डीएसओ केएल तिवारी से हुई वार्ता में तीन स्थानों पर रियायती बिक्री केंद्र खोलने पर सहमति बनी थी। इसके तहत शनिवार से माधोबाड़ी, नई बस्ती और श्यामगंज में सस्ती दालें उपलब्ध कराईं। पहले दिन तीन काउंटर से कुल 550 किलो दालें बिकीं। इसमें 350 किलो अरहर दाल बिकी। जबकि मसूर और चना दाल के एक-एक किलो के 200 पैकेट बिक गए। मसूर का भाव 80 और चना 65 रुपये किलो बिका। नई बस्ती और माधोबाड़ी के काउंटर की दालें खत्म हो गईं। वहीं श्यामगंज स्थित भोलानाथ रामगोपाल के संजीव सिंघल ने बताया कि शाम तक दूरदराज से लोग खरीदारी करने आए। दाल मिल एसोसिएशन के महामंत्री सुरेश जैन ने बताया कि रविवार को भी तीनों केंद्रों पर सस्ती दाल उपलब्ध होगी। सोमवार से श्यामगंज में एक और काउंटर शुरू कर दिया जाएगा।
विज्ञापन

व्यापारियों ने बढ़ाया अभियान
महंगाई से लड़ने के लिए व्यापारियों ने शनिवार से अभियान शुरू कर दिया। उद्योग व्यापार मंडल के प्रदेश महामंत्री राजेंद्र गुप्ता, एग्रो बेसन वाले राजीव अग्रवाल ने रियायती कीमतों पर खाद्यान्न बिक्री के लिए व्यापारियों से संपर्क किया। व्यापारियों ने भी रिटेल में मुनाफा छोड़कर सस्ती दरों पर सामान उपलब्ध कराने का वादा किया। कुछ थोक कारोबारियों ने बताया कि अरहर की दाल 110, 115 और 120 रुपये प्रति किलो के भाव में भी मौजूद है। जल्द इसे भी उपलब्ध कराया जाएगा।
बेलगाम कारोबार, ग्राहक बेहाल
किराना दुकानों पर नहीं लगी है जिंसों की मूल्य सूची
बरेली। जिले भर में कारोबार बेलगाम चल रहा है। गली मोहल्लों में हो रही मुनाफाखोरी से आम जनता परेशान है। सातों दिन देर रात तक खुलने वाले रिटेल स्टारों पर ज्यादा कीमतें वसूली जा रही हैं। बाजार में ज्यादातर प्रतिष्ठानों पर मूल्य सूची तक प्रदर्शित नहीं है।
विज्ञापन

श्यामगंज बाजार किराना, गल्ला और दाल कारोबार का मुख्य बाजार है। ज्यादातर रिटेल दुकानों पर मूल्य सूची नहीं है। पुलिस चौकी के सामने ऊंची कीमतों पर दाल, आटा और अन्य खाद्य वस्तुएं खुले आम बिकती मिल जाएंगी लेकिन मूल्य सूची नदारद है। किसानों का धान सस्ते में बिक रहा है लेकिन चावल के दाम बढ़ा दिए। एडीएम प्रशासन अरुण कुमार ने बताया कि मनमानी कीमत, मूल्य सूची प्रदर्शित न होना, घटतौली, मिलावट, पैकिंग अधिनियम आदि को लेकर जिला प्रशासन संवेदनशील है। महंगाई पर काबू पाने के लिए डीएसओ को अधिकृत किया गया है। इसके तहत एफएसडीए, बाट माप, आपूर्ति विभाग और मंडी समिति संयुक्त अभियान चलाएंगे। मुनाफाखोर नहीं सुधरे तो सख्त कदम उठाया जाएगा।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें