बरेली। दो सप्ताह से बढ़ रहा पारा शनिवार को बादलों के प्रवेश के लुढ़का, पर गर्म हवा के थपेड़ों से राहत नहीं मिली। मौसम विभाग ने पहाड़ों की हवा के प्रवेश से रविवार को बादल मंडराने, दो दिन तक तेज धूप निकलने और फिर राहत के आसार जताए हैं।
आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के विशेषज्ञ अतुल कुमार के मुताबिक, हवा की दिशा में बदलाव के बाद पहाड़ों पर मंडरा रहे बादल मैदानी इलाकों की ओर बढ़ रहे हैं। इससे शनिवार को तापमान में 1.5 डिग्री की गिरावट हुई, लेकिन तेज धूप से उष्मीय विकिरण की स्थिति में लोग तपिश सहने के लिए विवश रहे। रविवार को भी बादलों का प्रवेश जारी रहेगा। अनुकूल माहौल बनने पर हल्की राहत की उम्मीद है। फिर दो दिन तक आसमान साफ रहेगा। निम्न वायुदाब का क्षेत्र बना तो मंगलवार से फिर बादल मंडराएंगे। इससे गर्मी से कुछ राहत मिलेगी।
शनिवार को सुबह धूप के साथ हुई लेकिन 11 बजे से एक बजे तक ऊंचाई पर बादल मंडराते रहे। अधिकतम तापमान सामान्य से एक डिग्री अधिक 40.5 डिग्री और न्यूनतम पारा सामान्य से दो डिग्री अधिक 26.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। नमी का स्तर 73 फीसदी रहा।