मीरगंज। भाखड़ा नदी में बढ़ते जलस्तर और तेज कटान के कारण ग्राम पंचायत पहुंचा बुजुर्ग स्थित ओवरहेड टैंक नदी के मुहाने पर आ गया है। डीएम अविनाश सिंह ने बृहस्पतिवार को गांव पहुंचकर ओवरहेड टैंक और अस्थायी गोशाला का निरीक्षण किया। उन्होंने स्थिति का जायजा लेते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए।
ओवरहेड टैंक से नदी की दूरी 10 मीटर होने पर डीएम ने बाढ़ खंड के अधिकारियों को टैंक को कटान से बचाने के लिए सुरक्षा व्यवस्था करने के निर्देश दिए। उन्होंने कटान की स्थिति पर लगातार नजर रखने और आपात स्थिति में कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। गोवंशों को सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट करने के निर्देश
इसके बाद जिलाधिकारी ने अस्थायी गोशाला का भी निरीक्षण किया। उन्होंने गोवंशों की संख्या, चारा-पानी, साफ-सफाई और स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों को पर्याप्त चारा, भूसा, स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने और नियमित निगरानी के निर्देश दिए। बढ़ते जलस्तर के मद्देनजर डीएम ने गोशाला के गोवंशों को सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट करने के निर्देश दिए। जलभराव की आशंका में 51 गोवंशों को बुधवार को ही चुरई दलपतपुर गोशाला में शिफ्ट करना शुरू किया गया था। निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी देवयानी, एसडीएम मीरगंज निधि शुक्ला, जल निगम और बाढ़ खंड के अधिशासी अभियंता, सीओ मीरगंज आदि मौजूद रहे।