जिला अस्पताल में शुक्रवार को फार्मेसिस्टों की हड़ताल के चलते दवा काउंटर दो घंटे तक बंद रहे। इस दौरान मरीजाें को दिक्कत हुई। दस बजे के बाद जब दवा काउंटर खुले तो दवा लेने वालाें की भीड़ जुट गई। मरीज और तीमारदाराें में झगड़ा भी हुआ। शुक्रवार को 15 सौ नए मरीज और इतने ही पुराने मरीज आए थे। डिप्लोमा फार्मेसिस्ट एसोसिएशन के तहत सभी फार्मेसिस्ट सुबह आठ बजे जिला अस्पताल में जमा हुए। अध्यक्ष बीसी यादव ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि 19 सितंबर तक दो घंटे का कार्य बहिष्कार होगा। 20 सितंबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल होगी। दस बजे तक फार्मेसिस्टाें के काउंटर न खोलने पर मरीज इधर-उधर भटकते रहे। कुछ बिना दवा लिए ही लौट गए। धरने में वीपी सिंह, रंजना उपाध्याय, नूरजहां, राजेश गंगवार, जनार्दन गंगवार, एसआर चौधरी, पीएन मिश्रा, अमित यादव, दिलीप यादव आदि शामिल रहे।