बरेली। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को बैठक के दौरान अधिकारियों से अलग से बातचीत भी की। उन्होंने कहा कि बरेली, शाहजहांपुर, पीलीभीत, बदायूं के जिलाधिकारी अपने-अपने स्तर पर बैठक करें।
जिन सड़कों की मरम्मत कराई जानी है, पहले उनका सर्वे करा लिया जाए। इसमें जनप्रतिनिधियों को भी शामिल करें। नगर निगम नगरीय क्षेत्र की सड़कों की मरम्मत को हर हाल में कराने का निर्देश दिया। कहा कि इनमें जनप्रतिनिधियों के प्रस्तावों को अवश्य शामिल किया जाए।
सीएम ने कहा कि डीएम व मंडलायुक्त के स्तर से प्रत्येक माह एक बार विभागीय समीक्षा बैठक अनिवार्य रूप से की जाए। इन समीक्षा बैठकों में विभिन्न परियोजनाओं के क्रियान्वयन में अनापत्ति प्रमाणपत्र जारी करने सहित अन्य जरूरी मुद्दों पर समीक्षा की जाए।
साथ ही विभागीय अधिकारियों की जवाबदेही भी तय होनी चाहिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि जनसुनवाई को गंभीरता पूर्वक प्रभावी बनाया जाए। किसी भी दशा में गलत फीडबैक दर्ज नहीं होना चाहिए।
इस मौके पर केंद्रीय राज्य मंत्री जितिन प्रसाद व बीएल वर्मा, प्रदेश के वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना, पशुधन व दुग्ध विकास मंत्री धर्मपाल सिंह, सहकारिता विभाग के मंत्री जेपीएस राठौर, राज्यमंत्री डाॅ. अरुण कुमार, बृजेश सिंह, संजय सिंह गंगवार, महापौर उमेश गौतम, जिला पंचायत अध्यक्ष रश्मि पटेल, सांसद बरेली छत्रपाल सिंह गंगवार, एमएलसी कुंवर महाराज सिंह, बहोरन लाल मौर्य, विधायक संजीव अग्रवाल, डाॅ. डीसी वर्मा, डाॅ. एमपी आर्य, डाॅ. राघवेंद्र शर्मा, बरेली के जिलाधिकारी अविनाश सिंह, पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता (प्रांतीय खंड) भगत सिंह, अधिशासी अभियंता (निर्माण खंड) राजीव अग्रवाल आदि मौजूद रहे।