पुलिस ने की घर जाने की अपील तो उत्तेजित हो गई थी भीड़
विवेचना में जिक्र किया गया है कि पुलिस ने नौ महला मस्जिद के पास पहुंची भीड़ से घर जाने की अपील की थी। इस्लामिया मैदान में किसी सभा की अनुमति नहीं होने की जानकारी भी दी थी। तब भीड़ में शामिल उपद्रवी उत्तेजित हो गए और कहने लगे कि मौलाना तौकीर रजा व नदीम ने ही उन्हें इस्लामिया ग्राउंड में बुलाया है। अगर किसी को रोका तो अंजाम बुरा होगा। भीड़ ने सरकार विरोधी नारों के साथ ही सिर तन से जुदा जैसे भड़काऊ नारे भी लगाए। जब पुलिस ने उन्हें रोका तो फायरिंग और पेट्रोल बम से हमला किया गया। गाड़ियों में भी तोड़फोड़ की। इसमें 22 पुलिसकर्मी घायल हुए थे।
इनके खिलाफ दाखिल हुई चार्जशीट
मौलाना तौकीर रजा खां, नफीस खान, नदीम खान, मुनीर इदरीशी, फरहान रजा खां, फैजुल नबी, आरिफ खां, अनीस सकलैनी, अफजाल बेग, सफीले अहमद उर्फ शफी अहमद, फरहद, मोइन अली, सईद अहमद, रिहान, अफरोज, जुबैर, कसान, आमान हुसैन, मोहम्मद हरमैन और नेमतुल्ला।
सीओ प्रथम आशुतोष शिवम ने बताया कि नौमहला मस्जिद मामले में मौलाना तौकीर रजा समेत 20 लोगों के खिलाफ चार्जशीट कोर्ट में दाखिल की गई है। जल्द ही अन्य मुकदमों की भी चार्जशीट दाखिल की जाएंगी। फिलहाल जो लोग प्रकाश में आए थे, उनकी चार्जशीट लगी है। अज्ञात लोगों की भीड़ से आरोपियों की पहचान का कार्य चल रहा है।