श्यामगंज फ्लाईओवर शुरू कराने को लेकर बीस दिन से मचे घमासान पर लोकार्पण के बाद विराम जरूर लग गया है, लेकिन खुफिया तंत्र से गई रिपोर्ट पर भाजपा प्रदेश नेतृत्व ने मंथन शुरू कर दिया है। ‘अपनों’ ने सीएम के लोकार्पण करने आने की राह में जो अवरोध लगाए थे, उसे लेकर संगठन भी गंभीर है।
पुल का लोकार्पण करने सीएम योगी आदित्यनाथ न आएं, इसके लिए न सिर्फ ‘अपने’ विलेन बने थे बल्कि प्रशासन ने भी कोई कसर नहीं छोड़ी, क्योंकि सीएम के आने पर उसकी तमाम जिम्मेदारियां बढ़ जातीं। खुफिया विभाग ने शासन को रिपोर्ट भेजी है कि भाजपा नेता पुल की शुरूआत कर चुके हैं, इसलिए अब सीएम से लोकार्पण कराना अनुचित होगा। इसी रिपोर्ट पर सीएम कार्यालय ने बरेली का कार्यक्रम रद्द कर दिया। इसके बाद वित्तमंत्री राजेश अग्रवाल को स्थिति साफ करनी पड़ी। उद्घाटन से एक दिन पहले शनिवार और फिर रविवार सुबह कार्यक्रम को फेल कराने के लिए चलने घटनाक्रम पर भाजपा के प्रांतीय नेतृत्व और सीएम ने नाराजगी जताई है। माना जा रहा है कि इस मामले में किसी पर गाज भी गिर सकती है।