मीरगंज। शीतकालीन अवकाश को दरकिनार कर मदरसा खोलने और छात्र को पीटने का आरोपी मौलवी अरशद रिपोर्ट दर्ज होने के बाद फरार हो गया है। पुलिस गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है।
अल्पसंख्यक कल्याण विभाग ने भी जांच शुरू करा दी है। प्राथमिक जांच में मदरसे का कोई रिकाॅर्ड नहीं मिला है। इस मामले में भी उसे कार्रवाई झेलनी पड़ेगी। सैंजना गांव के एक भवन में संचालित मदरसे के मौलवी अरशद ने सोमवार सुबह छात्र राशिद की पीठ पर डंडों की बरसात कर दी थी। राशिद का कसूर सिर्फ इतना था कि वह ठंड की वजह से चार दिन तक मदरसा नहीं जा सका था।
राशिद के चाचा सलीम ने मौलवी पर रिपोर्ट कराई थी। इसके बाद मौलवी अरशद फरार हो गया है। प्रभारी निरीक्षक सिद्धार्थ सिंह तोमर ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। इंस्पेक्टर के मुताबिक अल्पसंख्यक कल्याण विभाग से भी कॉल आई थी।
मदरसे की कमेटी पर भी कार्रवाई करने के बारे में बताया गया है। कुछ ग्रामीणों ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि मौलवी के खिलाफ मुकदमा दर्ज होने के बाद कुछ रसूखदार लोग गांव में पंचायत कर समझौता कराने का दबाव बना रहे हैं। संवाद