बरेली। बरेली कॉलेज में प्रवेश के लिए सीट लॉक करने की प्रक्रिया में समर्थ पोर्टल की तकनीकी समस्याएं अब विद्यार्थियों और कॉलेज प्रशासन दोनों के लिए चुनौती बन गई है। रुहेलखंड विश्वविद्यालय की ओर से अंतिम तिथि 20 अगस्त निर्धारित की गई है। दूसरी ओर बरेली कॉलेज में करीब 1475 सीटों को लॉक करना बाकी है। ऐसे में सवाल यह है कि सिर्फ दो दिन में इतनी सीटों पर प्रवेश कैसे दिया जा सकेगा?
सोमवार से परास्नातक पाठ्यक्रमों में भी प्रवेश शुरू हो जाएंगे। कॉलेज प्रशासन स्नातक पाठ्यक्रमों के विद्यार्थियों को ईमेल और मेसेज भेजकर सीट लॉक कराने के लिए बुला रहा है, लेकिन समर्थ पोर्टल में तकनीकी समस्याओं के कारण विद्यार्थियों को काफी मुश्किलें हो रही हैं।
यही नहीं 20 अगस्त को उर्स के चलते अवकाश भी है। ऐसे में विद्यार्थियों के लिए और भी दिक्कतें खड़ी हो गई हैं। इस स्थिति को देखते हुए छात्रों ने भी मांग की है कि अंतिम तिथि को आगे बढ़ाया जाए, ताकि उन्हें पर्याप्त समय मिल सके। वहीं, कॉलेज प्रशासन ने भी विश्वविद्यालय को पत्र लिखकर छात्रों की परेशानी से अवगत कराया है और अंतिम तिथि बढ़ाने का अनुरोध किया है। संवाद