सेटेलाइट ओवरब्रिज के डिवाइडर से टकराई कार।
- फोटो : CITY
बरेली। सेटेलाइट फ्लाईओवर से उतरते ही बनाया गया डिवाइडर मंगलवार शाम एक हादसे का कारण बन गया। गनीमत रही कि उस समय कार की रफ्तार बहुत तेज नहीं थी, जिससे उसमें सवार परिवार बाल-बाल बच गया। फतेहगंज पूर्वी में रहने वाले प्रवीण कुमार गुप्ता अपनी पत्नी और भाई के साथ मंगलवार को बरेली आए थे। काम निपटाने के बाद शाम करीब सवा छह बजे वह अपनी कार से घर लौट रहे थे।
सेटेलाइट फ्लाईओवर से कैंट की तरफ उतरने के दौरान डिवाइडर दिखाई न देने से उनकी कार उस पर चढ़कर क्षतिग्रस्त हो गई। प्रवीण ने बताया कि डिवाइडर पर न तो रिफ्लेक्टर लगे हैं और न ही वहां पर लाइट है, जिसके चलते यह हादसा हुआ। गनीमत रही कि कार की रफ्तार कम थी, वरना बड़ा हादसा हो सकता था। हालांकि उनकी कार को डिवाइडर पर चढ़ा देखकर ट्रैफिक पुलिस मौके पर पहुंच गई और एक ट्रैक्टर में बांधकर उनकी कार को वहां से हटवाया।