बृहस्पतिवार को शासन ने गुरु तेगबहादुर के शहीद दिवस पर सार्वजनिक अवकाश घोषित किया था पर रुहेलखंड विश्वविद्यालय ने आदेश न मिलने की बात कहते हुए कैंपस खोला। क्लास लगीं, प्रशासनिक भवन खुला और कक्षा में छात्र व शिक्षक भी पहुंचे। इसके बाद पूर्वाह्न 11 बजे विश्वविद्यालय में छुट्टी का फरमान जारी कर दिया गया। ऐसे में दूसरे जिलों से काम से पहुंचे विद्यार्थी भी परेशान होकर चले गए।
बुधवार शाम को शासन ने सार्वजनिक अवकाश का आदेश जारी किया था। टीवी और सोशल मीडिया पर सूचना आते ही शिक्षकों और कर्मचारियों ने विवि प्रशासन से अवकाश के संबंध में पूछा तो इंकार कर दिया गया। कुलसचिव ने भी अवकाश को लेकर कोेई फैसला नहीं लिया। बृहस्पतिवार को कैंपस खोल दिया गया। पूर्वाह्न 11 बजे अचानक अवकाश का आदेश जारी कर दिया गया। शिक्षकों और विद्यार्थियों ने इस पर गुस्सा जाहिर किया। उनका कहना था कि यह आदेश सुबह भी जारी किया जा सकता था। काम लेकर बाहर से आए विद्यार्थियों को बेवजह परेशान होना पड़ा।