नवाबगंज। टैक्टर-ट्राॅली से गन्ना तौला कर लौट रहे एक किसान से दबंगों ने मारपीट की, फिर उन्हे पुल के ऊपर से नीचे फेंक दिया, जिससे वह गंभीर घायल हो गया। सूचना पर पहुंचे उसके परिजन उसे वहां से अस्पताल में भर्ती कराया है। पीड़ित किसान ने आरोपियों के खिलाफ थाना नवाबगंज में तहरीर दी है।
थाना क्षेत्र के हिमकरा गांव के लालाराम खेती कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। सोमवार को वह अपने ही गांव के गंगाराम का गन्ना अपने ट्रैक्टर-ट्राॅली में लाद कर कांडू के पुल पर स्थित गन्ना मिल ले गए थे। गंगाराम भी उनके साथ गए थे। गन्ना तौलाने के बाद शाम को वह दोनों घर आ रहे थे। हिमकरा- मुड़िया बिशन सहाय गांव के पुल पर दो दबंग बीच सड़क पर बाइक लगाए खड़े थे। हाॅर्न देने के बाद भी जब वे रास्ते से नहीं हटे तो लालाराम ने ट्रैक्टर से उतर करहटने को कहा, तब तक दबंग उन दोनों से मारपीट करने लगे। इसी बीच गंगाराम उनसे छुड़ा कर भाग गए। दबंगों ने लालाराम से मारपीट कर उनसे 10 हजार रुपये और मोबाइल छीन कर उन्हें पुल से फेंक दिया। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंचे परिजन उन्हें उठा कर घर ले गए। बाद में उन्हें एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया है। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस जांच कर रही है। संवाद