शेरगढ़। कस्बे में सोमवार को नगर पंचायत कार्यालय के आसपास अतिक्रमण के खिलाफ नगर पंचायत प्रशासन का बुलडोजर गरजा। इससे अतिक्रमणकारियों में अफरा-तफरी मची रही। इससे कई कब्जेदार पीछे हट गए तो कइयों के अतिक्रमण को सड़क के दोनों किनारों से हटवा दिया गया।
लोगों ने बताया कि नगर पंचायत प्रशासन ने कस्बे की मुख्य सड़क के फुटपाथ पर दोनों तरफ अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। शेष रह गए कब्जेदारों को अतिक्रमण हटाने की चेतावनी दी। इससे पूर्व नगर पंचायत प्रशासन ने चार नवंबर को अभियान चलाया था, लेकिन अगले ही दिन से अतिक्रमणकारियों ने दोबारा से फुटपाथ पर अतिक्रमण कर वही स्थिति बना दी थी।
लोगों का कहना है कि कस्बे में जगह-जगह सड़क के दोनों छोर पर फड़, ठेले आदि ने कब्जा जमा रखा है। इससे आए दिन जाम लग जाता है। पिछले एक सप्ताह पहले कस्बे में सड़क से सटाकर ठेले पर फल बेच रहा फल विक्रेता को ट्रक ने टक्कर मारी दी थी, जिससे वह गंभीर घायल हो गया था। इसके बाद नपं ने दोबारा अभियान चलाया।
अतिक्रमणकारियों पर लगेगा जुर्माना, होगी वसूली : ईओ
अधिशासी अधिकारी दुर्गेश कुमार सिंह ने बताया कि अतिक्रमण हटाओ अभियान लगातार जारी रहेगा, जो लोग कार्रवाई से बाज नहीं आ रहे हैं। उनके खिलाफ जुर्माना वसूलने के साथ कार्रवाई की जाएगी।