बरेली। सरिया के बकाया रुपये मांगने पर एक बिल्डर ने व्यापारी को अपने गुर्गों से पिटवाया और झूठे केस में फंसाने की धमकी दी। कैंट थाने में कोर्ट के आदेश पर बिल्डर और उसके बेटों व गुर्गों पर रिपोर्ट दर्ज की गई है।
कैंट के बुखारा रोड लाल फाटक निवासी रोहित गुप्ता ने बताया कि वह गुलजारी लाल कंठीराम नाम से फर्म चलाते हैं। दिव्य ज्योत सिंह सोबती, आकृति सोबती और वरिंदर सिंह की फर्म सोबती बिल्डवेल लिमिटेड से 93,35,495 रुपये में उनका सरिया बेचने का सौदा तय हुआ था। कंपनी के निदेशकों ने 10 लाख रुपये एडवांस दे दिए। पिछली साल दिसंबर में रोहित ने 22 लाख रुपये की सरिया कंपनी को भेज दी। बकाया 12 लाख रुपये रोहित ने मांगे तो दिव्य जोत ने और माल भेजने पर भुगतान करने की बात कही। रोहित ने बिना बकाया चुकाए सरिया भेजने से मना कर दिया। रुपये नहीं मिले तो रोहित ने सरिया वापस करने के लिए कहा। इस पर कंपनी के लोग टालमटोल करने लगे। रोहित ने कानूनी कार्रवाई करने की बात कही। रोहित के मुताबिक अप्रैल में वह दुकान से आ रहे थे तभी ललित गोयल, दिनेश शर्मा ने अपने साथियों के साथ मिलकर कार रोक ली। ललित ने अपने फोन से बब्बू वीर से बात कराई। तब चरनपाल सोबती ने धमकी दी। चरनपाल ने ऊंची पहुंच का हवाला देकर लाश गायब कराने की धमकी दी।
आरोप है कि चरनपाल माल वापस करने के बदले 12 लाख रुपये मांगने लगे। इसके बाद रोहित कार से जाने लगे तो उनके गुर्गे दिनेश शर्मा ने उनकी पिटाई कर दी। ललित ने गला दबाया। राहगीरों के आने पर यह लोग भाग गए। इन लोगों ने उनकी पिटाई का वीडियो भी बनाया, जिसे वायरल करने की धमकी दे रहे हैं। कोर्ट के आदेश पर कैंट थाने में इन सभी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।
सही बात ये है कि रोहित गुप्ता की फर्म ने न तो हमें करार के मुताबिक माल उपलब्ध कराया और न ही रुपये लौटाए। जब हम तकादा करके परेशान हो गए तो एक मई को रोहित गुप्ता आदि के खिलाफ प्रेमनगर थाने में रिपोर्ट दर्ज करा दी। रोहित गुप्ता ने अपने बचाव में यह रिपोर्ट दर्ज कराई है। जांच में सब स्पष्ट हो जाएगा। - दिनेश शर्मा, प्रबंधक, सोबती बिल्डवेल लिमिटेड