मंगलवार सुबह एनडीआरएफ की टीम ने पहुंचकर चलाया अभियान
मीरगंज। सिंधौली निवासी चंद्रसेन (42) का शव मंगलवार शाम एनडीआरएफ की टीम ने पीलाखार नदी से 24 घंटे बाद खोज लिया। सोमवार दोपहर नदी में डूबने के बाद से ग्रामीण, पुलिस और गोताखोर लगातार उसकी तलाश में जुटे थे।
ग्रामीणों के अनुसार सोमवार दोपहर खेत देखने निकले चंद्रसेन पीलाखार नदी के तेज बहाव में डूब गए थे। ग्रामीणों ने डूबते हुए उन्हें देखा और बचाने की कोशिश भी की, मगर सफल नहीं हो सके। मंगलवार सुबह नौ बजे से एनडीआरएफ की टीम रेस्क्यू अभियान में लग गई और शाम पांच बजे के करीब जौनर गांव के पास शव मिल गया। शव मिलते ही परिजनों में मातम पसर गया। पत्नी प्रेमवती और 18 वर्षीय बेटे व 16 वर्षीय बेटी का रो-रोकर हाल बेहाल रहा। ग्रामीणों ने भी परिजनों को ढांढस बंधाने की कोशिश की, लेकिन पूरे गांव में मातम का माहौल छा गया।
एक माह में घटी दूसरी घटना
ग्रामीणों ने बताया कि पीलाखार नदी में यह इस महीने की दूसरी घटना है। इससे पहले भी दुर्गा प्रसाद की डूबने से मौत हो चुकी है। लगातार हो रही घटनाओं से लोगों में भय का माहौल है। ग्रामीण प्रशासन से नदी किनारे सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने की मांग कर रहे हैं। पुलिस ने शव को पोस्टमाॅर्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि घटना की पूरी जांच की जा रही है।