आंवला। थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी 17 वर्षीय किशोर पर कुछ दिनों पूर्व सोलर प्लेट चोरी का आरोप लगा। इससे क्षुब्ध होकर बुधवार दोपहर किशोर ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।
ग्रामीणों के अनुसार रामनगर रोड स्थित एक गांव में पारिवारिक कलह के चलते किशोर बुधवार दोपहर कमरे में गया और फंदा लगा ली। कुछ देर बाद परिजन जब कमरे में पहुंचे तो उसके शव को उतारकर कस्बे के निजी अस्पताल ले गए। डॉक्टर ने किशोर को बरेली के लिए रेफर कर दिया, लेकिन बीच रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
ग्रामीणों ने बताया कि गांव के एक दुकानदार की कुछ दिन पहले सोलर प्लेट चोरी हो गई थी। दुकानदार ने शक के आधार पर बुधवार को किशोर को पकड़ लिया और उसकी पिटाई लगाई। मामले में पुलिस को सूचना भी दी। पिटाई लगाने की बात जब किशोर ने अपने परिजनों को बताई तो परिजनों ने किशोर को ही फटकार लगाई। इससे क्षुब्ध होकर किशोर ने फंदा लगा ली। कोतवाल कुंवर बहादुर सिंह ने बताया कि इस मामले में उनके पास कोई भी तहरीर अथवा सूचना नहीं मिली है। संवाद