बरेली। वित्त वर्ष 2026-27 के लिए प्रस्तावित 1072 करोड़ रुपये के बजट पर मंगलवार को अंतिम फैसला होगा। महापौर उमेश गौतम की अध्यक्षता में दोपहर साढ़े तीन बजे निगम में आयोजित बोर्ड बैठक में प्रस्तावित बजट को अंतिम मंजूरी दी जाएगी।
बीते दिनों हुई बैठक में इस बजट को पास किया गया था। बजट में शहर की बदलती जरूरतों को ध्यान में रखते हुए कई अहम प्रावधान किए गए हैं। मुख्य रूप से शहर के सुंदरीकरण, जल निकासी व्यवस्था, आधुनिक स्ट्रीट लाइटों और वार्डों में सड़क निर्माण के लिए बड़ी धनराशि आवंटित की गई है।
बोर्ड बैठक में बजट पर चर्चा के दौरान कुछ संशोधनों की संभावना भी जताई जा रही है, हालांकि कार्यकारिणी की सहमति के बाद इसे पारित करने में किसी बड़ी बाधा की उम्मीद नहीं है।
बोर्ड बैठक में गरजेंगे सपाई, मुद्दों की सूची तैयार
फोटो
बरेली। मंगलवार को प्रस्तावित नगर निगम बोर्ड बैठक में जनहित के मुद्दे को जोरदार तरीके से उठाने के लिए सोमवार को सपा कार्यालय पर पार्षद दल की बैठक हुई। मुख्य अतिथि महानगर अध्यक्ष शमीम खां सुल्तानी ने मुद्दों को मजबूती से उठाने के निर्देश पार्षदों को दिए गए। सपा पार्षद दल के नेता गौरव सक्सेना ने बताया कि जबरन चल रहे अतिक्रमण अभियान, अपूर्ण विकास कार्य, छुट्टा पशुओं की समस्या, डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन, नाला सफाई के नाम पर खेल आदि जनसमस्याओं को प्रमुखता से उठाने पर मंथन किया गया। यहां पार्षद राजेश अग्रवाल, महासचिव पंडित दीपक शर्मा, पार्षद मोहम्मद आरिफ कुरैशी, अब्दुल कयूम मुन्ना, सलीम पटवारी, अलीम सुल्तानी, अब्दुल सलीम एडवोकेट, मोहम्मद शाकिर, गुलबशर अंसारी, इकबाल, सनी मिर्जा व अन्य लोग मौजूद रहे। ब्यूरो