बरेली। कैंट थाना क्षेत्र के गांव चौबारी में सोमवार को हुए झगड़े और फायरिंग के मामले में प्रधान पप्पू सिंह ने पांच लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। आरोप लगाया है कि हमलावर उसकी हत्या करने आए थे। जब वह शिकायत करने थाने जा रहे थे तो रास्ते में उनको घेर कर गोली चला दी। इससे उनका चचेरा भाई सौरभ सिंह घायल हो गया।
प्रधान की ओर से दर्ज कराई गई रिपोर्ट में पुलिस को बताया गया है कि 16 मार्च की शाम सात बजे लक्ष्मीनगर कांधरपुर निवासी विवेक जट्टा, सद्भावना कॉलोनी निवासी बंटू यादव, जानकी पुलिया निवासी अनुज, बिहारीपुर निवासी अंशुल गोस्वामी और कमल उसके घर आए और गालियां देने लगे। पत्नी ने विरोध किया तो जान से मारने की धमकी दी। पत्नी से सूचना मिलने के बाद वह अपने चचेरे भाई सौरभ के साथ रिपोर्ट दर्ज कराने थाने जा रहे थे। रास्ते में आरोपियों ने घेर लिया और गोली चला दी। दाएं हाथ में गोली लगने से सौरभ घायल हो गया। इंस्पेक्टर राजेश कुमार ने बताया कि मामले में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। जांच की जा रही है। संवाद