शाही। बहगुल की बाढ़ में शाही कस्बे, छोटा बसावनपुर, हैदरगंज और जुनहाई समेत कई इलाकों की अव्यवस्थाएं उतरा रही हैं। सोमवार को एडीएम (प्रशासन) पूर्णिमा सिंह और एसडीएम मीरगंज निधि शुक्ला ने बाढ़ से प्रभावित इलाकों का निरीक्षण किया। जगह-जगह बदहाल रास्ते और गंदगी-कीचड़ मिलने पर एडीएम ने नाराजगी जताई। सफाई कराने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान छोटा बसावनपुर गांव का मुख्य मार्ग बदहाल मिला। जगह-जगह गंदगी और कीचड़ दिखी। इसपर एडीएम (प्रशासन) ने नाराजगी जताई तो ग्रामीणों ने उनको बताया कि गांवों में दो माह से सफाई नहीं की गई है। जिम्मेदारों से शिकायत करने पर भी सुध नहीं ली गई। बाढ़ में स्थिति बदतर हो गई। आरोप है कि ग्राम पंचायत स्तर पर सफाई व्यवस्था पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है। महिलाओं ने बताया कि विद्यार्थियों को गंदगी और कीचड़ से होकर स्कूल जाना पड़ता है। इससे उनके रोगग्रस्त होने की आशंका बनी रहती है। गांव में मिलने वाली सरकारी सुविधाओं की जानकारी भी नहीं दी जाती है। समस्याएं बताने पर समाधान नहीं होता है। शाही, हैदरगंज और जुनहाई में भी गंदगी-कीचड़ दिखाई दी।
शिकायतों पर एडीएम (प्रशासन) ने संबंधित अधिकारियों को ग्रामीणों की समस्याएं सुनकर समाधान करने के निर्देश दिए। लापरवाही बरतने पर कार्रवाई की हिदायत दी। निरीक्षण के दौरान बाढ़ खंड के अधिकारी, राजस्व कर्मचारी और पुलिसकर्मी मौजूद रहे। क्षेत्रों में सफाई कर स्वच्छता बनाए रखने के निर्देश भी दिए गए।
नदी किनारे स्थित स्कूल पहुंचीं अधिकारी
निरीक्षण के दौरान एडीएम और एसडीएम नदी से कुछ दूरी पर स्थित प्राथमिक विद्यालय भी पहुंचीं। स्कूल परिसर के पास बाढ़ के मद्देनजर बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने हल्का लेखपाल को विद्यालय के चारों ओर बांस-बल्लियां लगाकर बैरिकेडिंग करने के लिए कहा, जिससे बच्चे नदी और जलभराव वाले क्षेत्र की ओर न जा सकें।