बरेली। सुभाषनगर थाना क्षेत्र में छेड़खानी के आरोपी ऑटो चालक ने मंगलवार देर रात फंदा लगाकर जान दे दी। परिजनों ने दूसरे पक्ष पर धमकाने का आरोप लगाकर पोस्टमाॅर्टम हाउस पर हंगामा किया। सीओ ने समझाकर उन्हें शांत कराया। मृत चालक ने भी सुसाइड नोट छोड़कर लड़की पक्ष पर आरोप लगाया गया है।
बदायूं रोड स्थित रामाश्रय कॉलोनी निवासी ऑटो चालक लखनपाल (20) ने मंगलवार रात अपने घर में फंदा लगाकर जान दे दी थी। पोस्टमाॅर्टम हाउस पर उनके भाई सुधीर पाल ने बताया कि 19 मार्च को लखनपाल पर एक व्यक्ति ने अपनी बेटी से छेड़खानी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी, जबकि दोनों के बीच मामूली कहासुनी ही हुई थी। इससे परेशान होकर उन्होंने भी तहरीर दी थी, लेकिन पुलिस ने कोई सुनवाई नहीं की। इधर, लड़की पक्ष वाले परिवार को लगातार धमका रहे थे। इससे लखनपाल दहशत में था। यही वजह रही जो उसने आत्महत्या कर ली। पुलिस कार्रवाई करती तो उनका भाई आज जिंदा होता। सीओ टू संदीप सिंह ने जांच और कार्रवाई का आश्वासन देकर उनको शांत कराया। लखनपाल की मां मुन्नी देवी ने बताया कि लखनपाल पांच भाइयों में सबसे छोटा था और ऑटो चलाकर गुजारा करता था। उसके पिता भी ऑटो चलाते हैं।
सुसाइड नोट में ये है जिक्र
लखनपाल ने बच्चों की कॉपी के पेज पर जो सुसाइड नोट लिखा है, वह काफी अस्पष्ट है। इसमें दो अलग बिरादरी के लोगों का जिक्र है। लिखा है कि उन्होंने उसे अपनी बेटी के साथ छेड़खानी के मामले में फंसा दिया है। दो लड़कियों के भी नाम लिखे हैं। चार से पांच लाइन में ही पत्र का मजमून खत्म हो जाता है।
जांच के बाद दर्ज की गई थी रिपोर्ट
सुभाषनगर थाना प्रभारी धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि लड़की के पिता ने आईजीआरएस पर शिकायत की थी। जांच में लखनपाल पर लगाए गए आरोप काफी हद तक सही बताए गए। इसके बाद रिपोर्ट दर्ज की गई थी। ऐसे मामलों में कोर्ट में पीड़िता के बयान ही कार्रवाई के लिए जरूरी होते हैं। ईद व वीआईपी ड्यूटी की वजह से दबिश नहीं दी गई। आरोपी ने किस वजह से आत्महत्या की, इसकी भी जांच करा ली जाएगी। ब्यूरो