फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

गृहमंत्री के काफिले का अचानक बदला रूट, धरी रह गईं स्वागत की तैयारियां

विज्ञापन
लोगों का अभिवादन स्वीकार करते अमित शाह।
विज्ञापन
करीब 25 मिनट देरी से त्रिशूल एयरबेस पहुंचा गृहमंत्री अमित शाह का विमान
विज्ञापन

बरेली। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के स्वागत की तैयारियां उनके काफिले का अचानक रूट बदल जाने से धरी रह गईं। गृहमंत्री का काफिला डेलापीर से होते हुए गुजरना था पर अचानक कार्यक्रम बदल गया और काफिला पीलीभीत बाईपास से सेटेलाइट होते हुए सर्किट हाउस पहुंचा। लिहाजा डेलापीर, राजेंद्रनगर, सूद धर्मकांटा पर उनके स्वागत के लिए पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं द्वारा की गईं तैयारियों पर पानी फिर गया।
त्रिशूल एयरबेस पर गृहमंत्री अमित शाह के स्वागत के लिए शुक्रवार सुबह से ही तैयारियां की जा रही थीं। दोहपर तीन बजे के बाद डेलापीर के आगे से लेकर इज्जतनगर बैरियर तक की ज्यादातर दुकानें बंद करा दी गईं थीं। एयरबेस के बाहर बड़ी तादाद में फोर्स और एसडीएम, एसीएम और थाना प्रभारी सुरक्षा के लिए मुस्तैद रहे। शाम चार बजे एडीजी अविनाश चंद्र, कमिश्नर आर. रमेश कुमार, डीएम मानवेंद्र सिंह, मेयर उमेश गौतम, सिटी मजिस्ट्रेट राजीव पांडेय, एसडीएम कुमार धर्मेंद्र आदि पहुंचे। शाम 4:10 बजे गृहमंत्री अमित शाह का विमान एयरबेस पर लैंड हुआ।
विज्ञापन

त्रिशूल एयरबेज से काफिला निकलने से करीब 10 मिनट पहले ही पीलीभीत बाईपास रोड पर ट्रैफिक रोक दिया गया। दुकानों के शटर गिरा दिए गए। कड़ी सुरक्षा घेरे के बीच उनका काफिला पीलीभीत बाईपास से सर्किट हाउस के लिए रवाना हुआ। जहां-तहां चौराहों पर भारी तादाद में लोग मौजूद रहे। पुलिस फोर्स भीड़ को नियंत्रित करने में जुटी रही। जिस रास्ते से भी गृहमंत्री का काफिला गुजरा लोग ‘योगी-मोदी’ जिंदाबाद के नारे लगाते रहे।
भनक तक नहीं लगी और गुजर गया कारवां
जिला प्रशासन की ओर से भाजपा कार्यकर्ताओं को बताया गया था कि गृहमंत्री का काफिला एयरपोर्ट से डेलापीर, राजेंद्रनगर, धर्म कांटा चौराहा होते हुए भारत सेवा ट्रस्ट के सामने से कुतुबखाना और कोहड़ापीर पहुंचेगा, लेकिन अचानक कार्यक्रम ही बदल दिया गया। भाजपा की ओर से गृहमंत्री के स्वागत के लिए बनाए गए काउंटरों पर तैनात लोगों को इसकी भनक तक नहीं लगी।
सर्किट हाउस में 15 मिनट रुके फिर रोड शो के लिए निकले
सर्किट हाउस में करीब 15 मिनट रुकने के बाद अमित शाह काफिले के साथ रोड शो के लिए रवाना हुए। उनका काफिला चौकी चौराहा, पटेल चौक होते हुए कुतुबखाना पहुंचा। यहां गृहमंत्री यात्रारथ पर सवार होकर आलमगीरीगंज होते हुए पटेल चौक के लिए रवाना हो गए।
काफिले के आगे चलते रहे पशु पकड़ने वाले दो वाहन
गृहमंत्री के काफिले में घुसकर कोई आवारा पशु व्यवधान पैदा न कर दे, इसके लिए नगर निगम के पशु पकड़ने वाले दो वाहन आगे चल रहे थे। हालांकि काफिला किस रूट से गुजरेगा, इसकी जानकारी न होने की वजह से वाहन चालकों ने डेलापीर और पीलीभीत बाईपास से 21 गोवंशीय पशुओं को पकड़ लिया। एयरबेस के सामने से एक बकरी भी उठा ली। सभी पशुओं को कान्हा पशु आश्रय स्थल पहुंचाया गया।
काफिला गुजरा तो ध्वस्त हो गई ट्रैफिक व्यवस्था
जिन चौराहों से काफिले के गुजरने की संभावना थी, वहां भारी पुलिस फोर्स तैनात था पर बाइक और स्कूटी वाले लगातार आवाजाही करते रहे। पुलिस ने उन्हें रोकने की भरसक कोशिश की पर कोई नतीजा नहीं निकला। पटेल चौक पर हजारों की तादाद में लोग मौजूद थे। हर तरफ ‘हर-हर मोदी, घर-घर मोदी’ के नारे लग रहे थे। बड़ी तादाद में जनप्रतिनिधि और टिकट के दावेदार समर्थकों की भीड़ के साथ गुजर रहे थे। बाइक सवारों के भीड़ में घुसने के दौरान कई बार उनकी पुलिस से झड़प भी हुई।
काफिले पर फूल बरसाने का नहीं मिला मौका
बदले रूट के साथ ही यात्रा के अतिरिक्त कहीं भी काफिले पर फूल बरसाने से साफ मना कर दिया गया था। लिहाजा, जगह-जगह लोग फूल लेकर रास्ते मेें काफिले के गुजरने का इंतजार करते रहे पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने उन्हें फूल बरसाने पर कार्रवाई की चेतावनी देकर रोक दिया। खुफिया एजेंसियों को भी सतर्क कर दिया गया था। दरअसल, यह सख्ती विरोधियों के माहौल बिगाड़ने की आशंका के चलते की गई थी।
सियासत का ‘शाह’कार... शहर ने की जय-जयकार
बरेली। अमित शाह का रोड शो कहिए या सियासत का शाहकार। फूलों की बारिश के बीच कदम-कदम पर उमड़ता स्वागत करने वालों का इस कदर हुजूम था कि कुतुबखाना से 5:28 बजे रोड शो शुरू होने से पहले ही अमित शाह की कार करीब आधे घंटे तक वहीं फंसी रही। जैसे-तैसे पुलिस ने कार्यकर्ताओं की भीड़ को हटाकर रास्ता बनाने के बाद अमित शाह को रथ पर चढ़ाया। इसके बाद 5:58 बजे रोड शो शुरू हुआ। 
रोड शो शुरू होते ही भाजपा कार्यकर्ताओं और व्यापारियों के फूलों की वर्षा का अनवरत सिलसिला शुरू हो गया। जनविश्वास यात्रा का रथ 6:02 बजे आलमगिरी गंज पहुंचा। यहां भी व्यापारियों ने जमकर फूलों की बारिश की। खुद गृहमंत्री भी व्यापारियों पर फूल उछालते रहे और मुस्कराते हुए व्यापारियों और छतों पर दिख रहे लोगों का अभिवादन स्वीकार करते रहे। 6:10 बजे रथ शिवाजी मार्ग पर पहुंचा जहां दोनों ओर व्यापारियों ने स्वागत के लिए मंच बना रखे थे और मशीनों से पाइप लगाकर फू लों की वर्षा कर रहे थे। 
विज्ञापन

शिवाजी मार्ग से आगे बढ़ा रथ 6:29 बजे बांस मंडी पहुंचा। यहां भी छतों से फूलों की वर्षा के साथ यात्रा का जोरदार स्वागत किया गया। साहू रामस्वरूप डिग्री कॉलेज के सामने से गुजरते हुए रथ ने 6:40 बजे श्यामगंज बाजार में प्रवेश किया। श्यामगंज पुल के नीचे व्यापारियों ने फिर जोरदार स्वागत किया। फल मंडी के गेट पर होते हुए 6:55 बजे रथ श्यामगंज चौराहे और सात बजे कालीबाड़ी पहुंचा। कैंट विधायक राजेश अग्रवाल के आवास के सामने उनका स्वागत किया गया। बरेली कॉलेज के सामने से गुजरा रथ 7:22 बजे पटेल चौक पहुंचा जहां अमित शाह ने भाषण शुरू किया। रोड शो में अमित शाह के साथ रथ पर केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान, प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह, सांसद संतोष गंगवार, कैंट विधायक राजेश अग्रवाल, शहर विधायक अरुण कुमार मौजूद रहे। 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें