बरेली। सुभाषनगर थाना क्षेत्र में शांति विहार निवासी फूड चेन कंपनी के डिलीवरी कर्मी संजय सक्सेना की हत्या के मामले में साक्षी ने पुलिस को बताया कि आरोपियों में आशीष गुर्जर व उसके साथियों की संजय सक्सेना से रंजिश थी। यह भी आरोप लगाया कि उनके भाई के पास 50 हजार रुपये और एक सोने की चेन थी। यह सामान भी घटना के दौरान गायब हो गया।
साक्षी ने बताया कि कुछ महीने पहले एक विवाह कार्यक्रम में आशीष से संजय की मारपीट हो गई थी। उसके बाद से ही वह उनसे बदला लेने का मौका देख रहा था। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सीओ टू नितिन कुमार ने बताया कि आरोपियों के अनुसार संजय दशहरा मेले पर अपनी बहन के घर आया हुआ था। रात करीब डेढ़ बजे उन्होंने होली चौक पर संजय को पकड़ा। आशीष गुर्जर और अन्य साथियों के साथ मिलकर उन्होंने संजय को लाठी-डंडों से पीटा।