बरेली। रामगंगा किनारे और घाटों पर सोमवार को उषा अर्घ्य के साथ लोक आस्था का महापर्व छठ संपन्न हुआ। जल-दूध अर्पित करने के साथ व्रती महिलाओं की 36 घंटे की निर्जल तपस्या पूरी हुई। आसमान में उगते सूर्य की लालिमा दिखते ही परवैतिनों के चेहरे खिल गए।
श्रद्धालुओं ने नारियल-केले, गन्ना, ठेकुआ आदि के प्रसाद और पूजन सामग्री से सजे हुए सूप और दउरा को स्थानीय घाटों तक पहुंचाकर परवैतिनों का सहयोग किया। सोमवार को तड़के से ही रामगंगा किनारे सहित अन्य घाटों पर आस्था का सैलाब नजर आया। इस बीच शहर में इज्जतनगर के शिव-पार्वती मंदिर, कैंट स्थित धोपेश्वरनाथ मंदिर और रुविवि परिसर स्थित घाट पर छठ की परंपरा आगे बढ़ाने के लिए अनुष्ठान किए गए।
लोकगीतों से छठी मइया और दीनानाथ की अराधना की। आसमान में उगते सूर्य की लालिमा देखते ही महिलाओं के चेहरे खिल उठे। उन्होंने उगते सूर्यदेव को दूध-जल का अर्घ्य देकर निर्जल व्रत का पारण किया। जाने-अनजाने में हुई भूल के लिए क्षमा मांगी। एक-दूसरे को बधाई देकर वहां मौजूद श्रद्धालुओं को प्रसाद भी दिया गया। इस अद्भुत नजारे और आज 36 घंटा के व्रत मइया, भइल मनोरथ पूर हो। लिहीं अरग हे मइया, दिहीं आशीष हजार... आदि लोकगीतों की गूंज से माहौल भक्तिमय हो गया। उन्होंने सूर्यदेव और छठी मइया का ध्यान करके परिजन के अच्छे स्वास्थ्य, उन्नति और कुल-परिवार की सुख-समृद्धि व कुशलता की मनोकामना की।